लखनऊ के बीकेटी में नर्सिंग कोर्स की छात्रा ने की आत्महत्या, नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
लखनऊ के बीकेटी में चंद्रिका देवी कॉलेज की 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा प्रयांशी वर्मा ने अपने किराए के कमरे में ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, बीकेटी। चंद्रिका देवी कॉलेज से ओटी तकनीशियन का कोर्स कर रही नर्सिंग छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। आत्महत्या किन कारणों से की यह अभी साफ नहीं हो सका है। घटना की सूचना पर पुलिस और फील्ड यूनिट द्वारा मौके की जांच की। परिजनों के पहुंचने पर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया।
बीकेटी थाना क्षेत्र के बरगदी मगठ में नर्सिंग का कोर्स कर रही प्रयांशी वर्मा (19) निवासी जिला लखीमपुर भौली स्थित चंद्रिका देवी कालेज से नर्सिंग कोर्स की पढ़ाई कर रही थी। इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया छात्रा बरगदी वार्ड में किराये का कमरा लेकर रहती थी। बुधवार को 11:10 बजे घटना की सूचना मिली। मौके पर पुलिस ने जांच पड़ताल की।
छात्रा ने भीतर से दरवाजा बंद कर दुपट्टे से छत पर लगे पंखे से फांसी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। पुलिस के अलावा फील्ड यूनिट द्वारा जांच की गई। मृतक के घरवालों के पहुंचने पर शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक कमरे में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। बताया जा रहा छात्रा ने किसी से मोबाइल फोन पर बात करने के बाद उसने खुदकुशी कर ली।
इंस्पेक्टर ने बताया कि काल डिटेल की भी जांच की जा रही है। जिससे पता चल पायेगा किससे बात करने के बाद छात्रा ने खुदकुशी कर ली। कमरे में छात्रा का स्मार्ट फोन मिला है जिसे पुलिस ने जांच के लिये ले लिया है।
