यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सुलतानपुर में डिवाइडर से टकराई बाइक, परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की मौत; दो घायल
सुलतानपुुर में लोकनाथपुर गांव के पास सुबह सुबह एक डिवाइडर से बाइक टकरा गई। इस दौरान हाईस्कूल की परीक्षा देने ...और पढ़ें

दोस्तपुर (सुलतानपुर), संवादसूत्र। परीक्षा देने जा रहे छात्रों की बाइक अस्थायी डिवाइडर से टकरा गई। इस कारण बाइक सवार तीन छात्र गम्भीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बुधवार की सुबह लोकनाथपुर गांव के पास हुआ।
एक ही बाइक पर सवार होकर कक्षा दस के छात्र तजुद्दीनपुर निवासी आदर्श तिवारी पुत्र ओम प्रकाश और इसी गांव के रमेश गुप्ता पुत्र राम प्रवेश और रितेश पुत्र रंजीत निवासी हरथुआ बभनपुर थाना अखंडनगर सुबह रामदेव सिंह इंटर कालेज कामतागंज में परीक्षा देने के लिए जा रहे थे। लोकनाथपुर मोड़ पर लगाए गए डिवाइडर से इनकी बाइक टकरा गई, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में रमेश और रितेश को सीएचसी दोस्तपुर लाया गया जहां से चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल अम्बेडकरनगर रेफर कर दिया। वही, गंभीर रूप से घायल आर्दश तिवारी को अखंडनगर सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि आदर्श तिवारी, रमेश गुप्ता श्रीकृष्ण उच्चतर विद्यालय ताजुद्दीनपुर और रितेश जनता इंटर कॉलेज कुंदाभैरोपुर में पढ़ाई करते थे। अखंडनगर थानाध्यक्ष कृष्ण मोहन ने बताया कि दुर्घटना दोस्तपुर क्षेत्र में हुई है। एक घायल को अखंडनगर सीएचसी लाया गया था, जिसको चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पंचनामा कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
