युद्ध और महंगे फ्यूल का असर : लखनऊ एयरपोर्ट पर कम हो रही विमान सर्विस, 120 की जगह अब रोजाना सिर्फ 86 उड़ानें
लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान सेवाओं और यात्रियों की संख्या में 20-30% की कमी आई है। यह गिरावट ईरान-इजरायल युद्ध और ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान सेवाओं में 20% तक की गिरावट दर्ज।
ईरान-इजरायल युद्ध और महंगे ईंधन से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की लखनऊ-अबू धाबी सीधी सेवा आज से शुरू।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। ईरान-इजरायल व अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के कारण प्रभावित विमान सेक्टर अब तक नहीं उभर सका है। अप्रैल और जून माह में लखनऊ से मलेशिया के क्वालालंपुर और बैंकाक की सीधी उड़ान सेवाओं को बंद करना पड़ा। इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस सहित भारतीय विमान कंपनियों की खाड़ी देशों को जाने वाली कुछ सेवाएं बंद चल रही हैं।
पिछले साल आपरेशन सिंदूर के कारण निरस्त हुई लखनऊ से श्रीनगर की विमान सेवा अब तक शुरू नहीं हो सकी है। घरेलू सेक्टर में नवी मुंबई सहित कई शहरों की सेवाओं के फेरे घटने के कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान सेवाओं और यात्रियों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। लखनऊ एयरपोर्ट पर 20 प्रतिशत तक विमान सेवाएं और लगभग 30 प्रतिशत यात्री घट गए हैं।
प्रतिदिन होता था 130 से 140 विमानों का आवागमन
इस साल फरवरी में लखनऊ एयरपोर्ट से प्रतिदिन 130 से 140 विमानों का आवागमन प्रतिदिन होता था। इसमें लगभग 20 विमान इंटरनेशनल गंतव्य को जाने वाली सेवाएं थीं। अब यह संख्या घटकर 90 से 100 के बीच पहुंच गई है। बुधवार को कुल 43 विमान लखनऊ आए, जबकि इतने ही विमानों ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से उड़ान भरी।
पिछले दिनों लखनऊ से नोएडा नया एयरपोर्ट जुड़ गया है। आइजोल के लेंगपुई एयरपोर्ट से भी इंडिगो एयरलाइन का विमान 6ई-6552 लखनऊ से जुड़ गया है। इनके बीच विमान ईंधन की कीमतों में वृद्धि के चलते एयरलाइन कंपनियों ने नवी मुंबई, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई जैसे शहरों के फेरे घटा दिए हैं।
आबुधाबी की सीधी सेवा आज से
एयर इंडिया एक्सप्रेस गुरुवार से लखनऊ से आबुधाबी की सीधी विमान सेवा की शुरुआत कर रहा है। विमान
आइएक्स -901 प्रतिदिन लखनऊ से आबुधाबी दोपहर 3:15 रवाना होकर शाम 5:45 बजे वहां पहुंचेगी। इसी तरह विमान आइएक्स -902 आबुधाबी से शाम 6:45 बजे रवाना होकर रात 12:20 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेगी।
