UP Lok Sabha Election Result 2019 : राज बब्बर ने यूपी में कांग्रेस की हार की जिम्मेदारी ली, राहुल को भेजा इस्तीफा
Lok Sabha Election Result 2019 राज बब्बर ने प्रदेश में कांग्रेस के लचर प्रदर्शन की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर ने प्रदेश में कांग्रेस के लचर प्रदर्शन की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया है।
लोकसभा चुनाव 2019 में आगरा जिले के फतेहपुर सीकरी से मैदान में उतरे राज बब्बर को अपने गृह जिले में ही हार झेलनी पड़ी। पार्टी ने पहले उनको मुरादाबाद से प्रत्याशी बनाया था, लेकिन उन्होंने वहां से चुनाव लडऩे से मना कर दिया था। इसके बाद फतेहपुर सीकरी से मैदान में उतरे।
भाजपा उम्मीदवार राजकुमार चाहर ने फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से कांग्रेस के राज बब्बर समेत सभी उम्मीदवारों को पछाड़ते हुए करीब तीन लाख वोटों से जीत हासिल कर ली है। भाजपा ने फतेहपुर सीकरी से मौजूदा सांसद चौधरी बाबूलाल का टिकट काटकर राजकुमार चाहर को प्रत्याशी बनाया था। जिसका बाबूलाल ने विरोध किया। तब माना जा रहा था कि भाजपा का नुकसान हो सकता है, लेकिन जो नतीजे आ रहे हैं, वो चौंकाने वाले हैं।
राज बब्बर ने ट्वीट किया कि जनता का विश्वास हासिल करने के लिए विजेताओं को बधाई। यूपी कांग्रेस के लिए परिणाम निराशाजनक हैं। मैं अपनी जिम्मेदारी को सफ़ल तरीके से नहीं निभा पाने के लिए ख़ुद को दोषी पाता हूं। नेतृत्व से मिलकर अपनी बात रखूंगा।
जनता का विश्वास हासिल करने के लिए विजेताओं को बधाई।
यूपी कांग्रेस के लिए परिणाम निराशाजनक हैं। अपनी ज़िम्मेदारी को सफ़ल तरीके से नहीं निभा पाने के लिए ख़ुद को दोषी पाता हूँ। नेतृत्व से मिलकर अपनी बात रखूंगा।
— Raj Babbar (@RajBabbarMP) May 24, 2019
फतेहपुर सीकरी सीट पर 18 अप्रैल को मतदान हुआ था। 15 अप्रैल को सीकरी में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने पार्टी प्रत्याशी राज बब्बर के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया था, लेकिन चुनाव नतीजों में प्रियंका का जादू नहीं दिखा। बॉलीवुड एक्टर राज बब्बर ने उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी से कांग्रेस पार्टी की सीट पर चुनाव लड़ा। राज बब्बर को फतेहपुर सिकरी की जनता ने हालांकि इस बार प्यार नहीं दिया और राजकुमार चाहर भारी मतों से विजयी रहे। तीन बार लोकसभा सांसद और 2 बार राज्यसभा के सदस्य रहे राज बब्बर का जादू अपने गृह जनपद आगरा में ही नहीं चला।
बॉलीवुड से राजनीति की ओर प्रभावित 1989 में राज बब्बर वीपी सिंह के नेतृत्व वाले जनता दल से जुड़े। बाद में वह जनता दल छोड़कर समाजवादी पार्टी से जुड़ गए। 2006 में उन्हें समाजवादी पार्टी से बर्खास्त कर दिया गया। इसके बाद 2008 में वह कांग्रेस पार्टी का हिस्सा बन गए।
राज बब्बर से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी कल यूपीए की चैयरपर्सन सोनिया गांधी के सामने अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की थी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप