UP CoronaVirus News Update : यूपी में फिर टूटा रिकॉर्ड, एक दिन में मिले सर्वाधिक 3,765 नए संक्रमित
UP CoronaVirus News Update योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक की पत्नी नम्रता पाठक और कानपुर देहात के एसपी अनुराग वत्स कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में फिर एक दिन सर्वाधिक कोरोना संक्रमित मिलने का रिकार्ड टूटा है। राज्य में गुरुवार को रिकॉर्ड 3,765 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। वहीं एक दिन में सर्वाधिक 57 लोगों की मौत भी हुई है। अभी तक कुल 81,463 मरीज मिल चुके हैं, जबकि अब तक कुल 1,587 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में कुल एक्टिव मामलों की संख्या 32,649 है। जो कोरोना संक्रमित पूरी तरह ठीक होकर डिस्चार्ज हुए हैं उनकी संख्या 46,803 है।
यूपी में गुरुवार को 88,967 नमूनों की जांच हुई तो कोरोना वायरस से संक्रमित रिकार्ड 3765 नए रोगी मिले। यह अब तक एक दिन में मिले मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है। इससे पहले 27 जुलाई को 3578 मरीज मिले थे और उस दिन अभी तक के सर्वाधिक 1,06,962 नमूनों की जांच की गई थी। सिर्फ जुलाई में अभी तक 58,565 मरीज मिल चुके हैं और मार्च से लेकर 30 जून तक 23,070 मरीज ही मिले थे। अभी तक कुल 81,463 मरीज मिल चुके हैं। वहीं बीते 24 घंटे में सर्वाधिक 57 लोगों की मौत हुई और अभी तक कुल 1587 लोग दम तोड़ चुके हैं। वहीं लखनऊ में लगातार बड़ी संख्या में मरीज मिल रहे हैं और बीते 24 घंटे में फिर 485 रोगी मिले। प्रदेश में लखनऊ में ही सर्वाधिक 4381 रोगी हैं।
कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते प्रसार की चपेट में अब मंत्री, विधायक के साथ साथ सरकारी कर्मी भी आ रहे हैं। प्रदेश के कानून तथा ग्रामीण अभियंत्रण मंत्री ब्रजेश पाठक की पत्नी नम्रता पाठक भी कोरोना वायरस की चपेट में हैं। मंत्री और उनके बच्चों की रिपोर्ट नेगेटिव है। कानपुर देहात के एसपी अनुराग वत्स की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है। उनके साथ रहे कानपुर के आईजी मोहित अग्रवाल भी इसी कारण कानपुर में होम क्वारंटाइन हो गए हैं।
योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक की पत्नी नम्रता पाठक में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसी कारण वह होम आइसोलेशन में हैं। उनके साथ ही मंत्री व उनके बच्चों ने भी सैंपल दिया था, जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इसके बाद भी एहतियात के तौर पर सभी होम क्वारंटाइन हैं।
कानपुर देहात के एसपी अनुराज वत्स को गले में संक्रमण होने पर उन्होंने एंटीजन रैपिड टेस्ट कराया। जिसमें उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब कानपुर देहात के पुलिस महकमे में खलबली मची है। कानपुर देहात में अपहरण के बाद धर्मकांटा कर्मी की हत्या के मामले में अनुराग वत्स के साथ प्रेस वार्ता में रहे कानपुर रेंज के आइजी मोहित अग्रवाल भी अनुराग वत्स के साथ सम्पर्क में आए थे। इसी कारण उन्होंने अपने को कानपुर में होम क्वारंटाइन कर लिया है।
प्रदेश में महीने भर में बढ़े 22 फीसद केस : उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के बेहद सक्रिय केस एक महीने में करीब 22 फीसद बढ़े हैं। प्रदेश में 30 जून को 6711 एक्टिव केस थे और इस समय यह बढ़कर 29997 हो गए हैं। वहीं महीने भर पहले कुल मामले 23070 थे और अब 77698 हो गए हैं। महीने भर पहले 16084 लोग ठीक हुए थे और अब 45807 रोगी ठीक हो चुके हैं। महीने भर में स्वस्थ होने वाले मरीजों का प्रतिशत करीब 11 फीसद कम हुआ है। 30 जून को कुल संक्रमितों में से 70 प्रतिशत ठीक हुए थे, जबकि अब कुल मरीजों में से 59 फीसद ठीक हुए हैं। रिकवरी रेट कम होने से एक्टिव केस में बढ़ोत्तरी हुई है।