Move to Jagran APP

UP By Election Result 2020: 7 में से 6 पर BJP ने लहराया जीत का परचम, सपा के हिस्से एक सीट

Uttar Pradesh By Election Result 2020 दोपहर बाद भाजपा उन्नाव की बांगरमऊ फिरोजाबाद की टूंडला बुलंदशहर की बुलंदशहर सदर देवरिया की देवरिया सदर और कानपुर शहर की घाटमपुर और अमरोहा की नौगावां सादात सीटों पर बढ़त बना ली है। सपा जौनपुर की मल्हनी में आगे है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Tue, 10 Nov 2020 06:19 AM (IST)Updated: Wed, 11 Nov 2020 07:30 AM (IST)
UP By Election Result 2020: 7 में से 6 पर BJP ने लहराया जीत का परचम, सपा के हिस्से एक सीट
कोरोना वायरस संक्रमण को देखते प्रोटोकाल के तहत फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा है।

लखनऊ, जेएनएन। LIVE UP By Election Result 2020: उत्तर प्रदेश में 403 सदस्यों वाली विधानसभा की सात रिक्त सीटों पर उपचुनाव का परिणाम का करीब हफ्ते भर से इंतजार कर रहे प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के सामने है। अमरोहा की नौगावां सादात, बुलंदशहर, उन्नाव की बांगरमऊ, कानपुर की घाटमपुर, फिरोजाबाद की टूंडला, देवरिया और जौनपुर की मल्हनी सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है। जौनपुर की मल्हनी विधानसभा सीट सपा के खाते में गई है।

loksabha election banner

7:30 PM: टूंडला से बीजेपी ने हासिल की जीत

फीरोजाबाद के टूंडला में सेहरा भाजपा प्रत्‍याशी प्रेम पाल धनगर के सिर पर बंध गया है। उन्‍होंने तकरीबन 17 हजार से ज्‍यादा वोटों से जीत हासिल की है। दूसरे नंबर पर सपा प्रत्‍याशी महाराज सिंह धनगर रहे। पहले राउंड में जरूर वे आगे रहे लेकिन बाद में 39 राउंड में लगातार भाजपा उम्‍मीदवार मात देते रहे। 

7:00 PM: भाजपा की झोली में घाटमपुर विधानसभा सीट

कानपुर की घाटमपुर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी उपेंद्रनाथ पासवान ने 23820 वोटों से जीत दर्ज की है। यह सीट एक बार फिर जनता ने भाजपा की झोली डाल दी है। 60405 वोट पाकर भाजपा प्रत्याशी उपेंद्र पासवान जीत गए हैं, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. कृपा शंकर 36585 वोट पाकर दूसरे पायदान पर रहे हैं।

6:45 PM: सपा प्रत्याशी लकी यादव मल्‍हनी सीट से जीते

जौनपुर की मल्हनी विधानसभा सीट पर सपा ने जीत की हैट्रिक लगाते हुए कब्जा बरकरार रखा। दो बार यहां से विधायक रहे पारसनाथ यादव के बड़े पुत्र सपा प्रत्याशी लकी यादव ने पूर्व सांसद निर्दलीय प्रत्याशी धनंजय सिंह को कांटे के मुकाबले में 4,632 मतों से हराकर जीत दर्ज की। लकी को 73 हजार 468 व धनंजय को 68 हजार 836 मत मिले।

6:30 PM: बांगरमऊ से भाजपा प्रत्याशी श्रीकांत जीते

उन्नाव की बांगरमऊ विधानसभा सीट पर उपचुनाव में अंतिम 37वें राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद भाजपा प्रत्याशी श्रीकांत कटियार ने 31380 वोटों से जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने 71149 मत पाकर प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की प्रत्याशी आरती बाजपेयी को शिकस्त दी है। दूसरे नंबर पर रही कांग्रेस को 39769 वोट मिले हैं।

6:15 PM: नौगावां सादात से भाजपा प्रत्याशी संगीता चौहान जीतीं

अमरोहा की नौगांवा सादात विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी संगीता चौहान ने 15077 मतों से जीत हासिल की है। दिवंगत कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान की पत्नी व भाजपा प्रत्याशी संगीता चौहान को कुल 86692 और सपा प्रत्याशी जावेद आब्दी को 71615 मत मिले।

6:00 PM: बुलंदशहर से भाजपा प्रत्याशी उषा सिरोही विजयी

बुलंदशहर में 27 राउंड चली काउंटिंग के बाद भाजपा प्रत्याशी उषा सिरोही 20,962 मतों से विजयी हुई हैं। उनको को 86,879 मत मिले हैं। उन्होंने अपने निकटतन प्रतिद्वद्वी बसपा प्रत्याशी हाजी यूनुस को हराया है। हाजी यूनुस 65,917 वोट मिले हैं, जबकि तीसरे स्थान पर आजाद समाज पार्टी प्रत्याशी मोहम्मद यामीन को 13402 मत मिले

4:30 PM: देवरिया सदर सीट भाजपा प्रत्याशी की जीत

देवरिया सदर सीट पर मतगणना पूरी हो गई है। भाजपा प्रत्याशी डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी 20252 वोट से चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी के ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी को पराजित किया है।

4:00 PM: छह पर भाजपा की जीत तय, एक सपा के खाते में

सात रिक्त सीटों पर उपचुनाव का परिणाम लगभग आ गया है। सात में से छह सीटों पर भाजपा निर्णायक बढ़त पर है। सिर्फ घोषणा बाकी है।  जौनपुर की मल्हनी सीट से सपा प्रत्याशी लकी यादव 4500 मतों से चुनाव जीत गए हैं। निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह रहे दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इसी प्रकार बाकी की छह सीटों पर भी मतगणना लगभग पूरी हो गई है। यहां बीजेपी के प्रत्याशी आगे चल रहे हैं।

3:00 PM: निर्णायक जीत की ओर ये प्रत्याशी

अमरोहा की नौगावां सादात सीट से भाजपा प्रत्याशी संगीता चौहान सपा प्रत्याशी जावेद आब्दी से 5310 वोटों से आगे। बुलंदशहर की बुलंदशहर सदर सीट से भाजपा प्रत्याशी उषा सिरोही 19013 मतों से आगे हैं। उन्नाव जिले की बांगरमऊ सीट से बीजेपी उम्मीदवार श्रीकांत कटियार 16,833 वोट से आगे चर रहे हैं। कानपुर की घाटमपुर सीट से बीजेपी के प्रत्याशी उपेंद्र पासवान बीएसपी प्रत्याशी कुलदीप संखवार से 13274 वोटों से आगे। देवरिया की देवरिया सदर सीट से भाजपा के डॉक्‍टर सत्य प्रकाश मणि त्रिपाठी 12619 मतों से आगे चल रहे हैं और जौनपुर की मल्हनी सीट पर सपा के लकी यादव निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह से 6327 वोट से आगे चल रहे हैं।

2:00 PM: मल्हनी से धनंजय सिंह सपा प्रत्याशी से पीछे

जौनपुर जिले की मल्हनी सीट पर 15वें राउंड के बाद सपा केलकी यादव ने 41464 वोटों के साथ निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह को 2936 वोट से पीछे छोड़ दिया है। धनंजय सिंह के अभी तक 38528 वोट मिले हैं। तीसरे स्थान पर भाजपा मनोज सिंह चल रहे हैं। उन्हें 15774 वोट मिले हैं। चौथे स्थान पर बसपा के जय प्रकाश दुबे 13654 वोटों के साथ हैं। 

1:30 PM: संगीता चौहान ने जावेद आब्दी को पीछे छोड़ा

अमरोहा की नौगावां सादात सीट के 12वें चक्र की मतगणना के बाद पासा पलट गया। पहले चक्र से आगे चल रहे समाजवादी पार्टी के जावेद आब्दी को भाजपा की संगीता चौहान ने पीछे छोड़ दिया है। संगीता चौहान ने 11वें राउंड में जावेद आब्दी पीछे छोड़ दिया। संगीता ने 949 पर वोटों से बढ़त ले ली है। संगीता चौहान को 24628, आब्दी को 24341, बसपा को 17147 तथा कांग्रेस को 1603 मिले हैं। 

12:00 PM- देवरिया में एक ही नंबर की दो ईवीएम मिलने पर हंगामा

विधानसभा उप चुनाव में मतगणना के दौरान देवरिया में एक ही नंबर की दो ईवीएम मिलने पर हंगामा होने लगा है। यहां पर टेबल नंबर दो पर एक ही नंबर की दो ईवीएम  मिलने के बाद हंगामा हो रहा है। इसके पहले दो ईवीएम का लाक नहीं खुला था। उसे किनारे रखवा दिया गया है। इनकी मतगणना बाद में कराई जाएगी, लेकिन समाजवादी पार्टी के समर्थक इसे लेकर भी हंगामा करने के मूड में हैं।

11:30 AM- एक-एक सीट पर सपा तथा निर्दलीय प्रत्याशी की बढ़त जारी, भाजपा पांच सीट पर आगे

सात सीट पर उपचुनाव की मतगणना में सात चक्र तक भाजपा सात में से पांच सीट पर बढ़त पर है। भाजपा को एक सीट पर नुकसान होने का खतरा है जबकि समाजवादी पार्टी परम्परागत सीट गंवाने की कगार पर है, हालांकि उसको नयी सीट पर जीतने की उम्मीद भी बनी है। भाजपा ने टूंडला, देवरिया सदर, बांगरमऊ, बुलंदशहर के साथ घाटमपुर में मजबूत बढ़त बना ली है। जौनपुर के मल्हनी में बड़ा उलटफेर हो रहा है। सभी कयास को दरकिनार कर निर्दलीय धनंजय सिंह ने सात चक्र तक बढ़त बना ली है। यहां से विधायक रहे पारसनाथ यादव के बेटे लकी यादव दूसरे, बसपा के जेपी दूबे तीसरे तथा भाजपा के मनोज सिंह चौथे स्थान पर हैं। समाजवादी पार्टी ने अमरोहा की नौगावां सादात में पहले चक्र की बढ़त को बरकरार रखा है। यहां से चेतन चौहान विधायक थे, उनकी पत्नी संगीता चौहान दूसरे स्थान पर हैं।

11:15 AM- नौगावां सादात में अंतर कम करने में लगीं संगीता चौहान

अमरोहा के नौगावां सादात क्षेत्र से भाजपा की संगीता चौहान ने पहले चक्र के बढ़त पर चल रहे समाजवादी पार्टी के जावेद अब्बास के बढ़त के अंतर को कम करने में सफलता प्राप्त की है। अभी भी अब्बास बढ़त पर है, लेकिन संगीता चौहान तेजी से उनका पीछा कर रही है। छठे चक्र तक अब्बास को 12,563, संगीता चौहान को 10,807, बसपा को 8096 तथा कांग्रेस को 739 वोट मिले हैं। 

11:00 AM- घाटमपुर में बढ़ा भाजपा के वोट का अंतर

कानपुर के घाटमपुर सुरक्षित सीट पर भाजपा के प्रत्याशी उपेंद्र नाथ पासवान ने पांचवें चक्र के बाद भी बढ़त को सातवें चक्र में भी बरकरार रखा है। सातवें चक्र की गणना में भाजपा प्रत्याशी ने बढ़त का अंतर को बढ़ा दिया है। यहां अब तक 30764 वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। भाजपा के उपेंद्र पासवान को 10792, बसपा के कुलदीप संखवार को 9311, सपा के इंद्रजीत कोरी को 5380 तथा  कांग्रेस के कृपाशंकर संखवार को 4545 वोट मिले हैं।

10:45 AM: मल्हनी में निर्दलीय धनंजय ने सभी को चौंकाया, भाजपा की हलत पस्त

जौनपुर के मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव के काफी चौंकाने वाले परिणाम आ रहे हैं। यहां पर सातवें चक्र की गणना में बाहुबली धनंजय सिंह सात हजार से अधिक मत की बढ़त पर हैं। निर्दलीय धनंजय सिंह ने सपा के लकी यादव को पीछे छोड़ा है। भाजपा के मनोज सिंह चौथे स्थान पर हैं जबकि तीसरे पर बसपा के जेपी दूबे हैं।

10:30 AM- भाजपा के पांच तथा सपा व निर्दलीय प्रत्याशी एक-एक सीट पर आगे

उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा ने घाटमपुर सुरक्षित सीट पर एक बार फिर बढ़त बना ली है। चार चक्र की गठना के बाद भाजपा अब उन्नाव की बांगरमऊ, फिरोजाबाद की टूंडला सुरक्षित, बुलंदशहर की बुलंदशहर सदर, देवरिया की देवरिया सदर तथा कानपुर शहर की घाटमपुर सुरक्षित सीट पर बढ़त बना ली है। भाजपा को अमरोहा की नौगावां सादात सीट पर झटका लग रहा है। समाजवादी पार्टी को जौनपुर की मल्हनी सीट पर झटका लग रहा है। नौगावां सादात में सपा के जावेद आब्दी तथा मल्हनी में निर्दलीय धनंजय सिंह बढ़त पर हैं। 

10:20 AM- कानपुर के घाटमपुर सुरक्षित सीट पर कांटे की टक्कर, अब भाजपा आगे

कानपुर शहर के घाटमपुर विधानसभा उपचुनाव में मतों की गणना के तीसरे चक्र की गणना में मामला एक बार फिर उलट गया है। यहां पर भाजपा के प्रत्याशी उपेंद्र नाथ पासवान ने बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप शंखवार पर बढ़त बना ली है। पासवान अब 655 वोट की बढ़त पर हैं। भाजपा को 4437, बसपा को 3782, सपा को 2125 तथा कांग्रेस को 1592 वोट मिले हैं। 

10:10 AM- जौनपुर के मल्हनी में तीसरे राउंड में निर्दल धनंजय सिंह 1839 मत से आगे 

जौनपुर के मल्हनी विधानसभा उपचुनाव की चल रही मतों की तीसरे राउंड की गणना पूरी हो गई है। इसमें निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह सपा के लकी यादव से 1839 मतों से आगे चल रहे हैं। धनंजय सिंह को 6023 तो लकी यादव को 4184 मत मिले हैं।

10:00 AM- पहले चक्र में भाजपा चार और सपा, बसपा व निर्दलीय एक-एक सीट पर आगे

सात विधानसभा सीटों पर पहले चरण में गणना की प्रक्रिया के बाद भाजपा प्रत्याशी चार और सपा, बसपा व निर्दलीय एक-एक सीट पर बढ़त पर हैं। भाजपा प्रत्याशी श्रीकांत कटियार उन्नाव के बांगरमऊ, डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी उर्फ गुड्डू बाबू, प्रेम पाल सिंह धनगर फिरोजाबाद के टूंडला व ऊषा सिरोही बुलंदशहर के बुलंदशहर सदर से आगे हैं। समाजवादी पार्टी के जावेद आब्दी अमरोहा के नौगावां सादात, बहुजन समाज पार्टी के कुलदीप शंखवार कानपुर शहर के घाटमपुर तथा निर्दलीय धनंजय सिंह जौनपुर की मल्हनी सीट से आगे चल रहे हैं। 

9:50 AM- जौनपुर के मल्हनी में निर्दलीय धनंजय सिंह ने बना ली बढ़त

जौनपुर के मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव में भिड़ंत बेहद रोचक हो गई है। यहां पर पोस्टल बैलट में आगे चल रहे समाजवादी पार्टी के लकी यादव को निर्दलीय धनंजय सिंह ने पीछे छोड़ दिया है। जौनपुर से सांसद रहे दबंग धनंजय सिंह आगे निकले हैं। धनंजय सिंह ने समाजवादी पार्टी के लकी यादव को पीछे छोड़ दिया है, जो अपने पिता पारसनाथ यादव की विरासत को बचाने मैदान में उतरे हैं। पहले चक्र में धनंजय सिंह ने दो सौ वोट की बढ़त बनाई है। यहां पर भाजपा प्रत्याशी मनोज सिंह की हालत बेहद खराब है। वह तीसरे स्थान पर है। सात विधानसभा सीटों पर पहले चरण में गणना की प्रक्रिया के बाद भाजपा प्रत्याशी चार और सपा, बसपा व निर्दलीय एक-एक सीट पर बढ़त पर हैं।

9:40 AM- कानपुर की घाटमपुर सुरक्षित सीट पर बसपा के कुलदीप शंखवार ने बनाई बढ़त

उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीट की मतगणना में पोस्टल बैलेट के बाद ईवीएम से पहले चक्र की गिनती हो रही है। सात में से चार सीट पर भाजपा, दो पर सपा तथा एक पर बसपा ने बढ़त बना ली है। घाटमपुर सीट पर बढ़त पर चल रहे भाजपा के उपेंद्र नाथ पासवान को बसपा के कुलदीप शंखवार ने पीछे छोड़ दिया है। यहां पहले चक्र में कुलदीप शंखवार को 1341, भाजपा के उपेंद्र नाथ को 1169, समाजवादी पार्टी के इंद्रजीत कोरी को 950 और कांग्रेस के कृपाशंकर को 263 वोट मिले हैं।

नौगावां सादात विधानसभा उप चुनाव के परिणाम

9:30 AM- पहले चक्र में भाजपा सात में से पांच सीट पर आगे, दो पर सपा को बढ़त

उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीट की मतगणना में पोस्टल बैलेट के बाद ईवीएम से पहले चक्र की गिनती हो रही है। इनमें सातों सीट में पहले चरण की गणना के बाद भाजपा पांच सीट पर बढ़त पर है। इसके साथ दो सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आगे हैं। भाजपा ने बुलंदशहर की बुलंदशहर सदर, कानपुर शहर की घाटमपुर सुरक्षित, उन्नाव की बांगरमऊ, देवरिया की देवरिया सदर व फिरोजाबाद की टूंडला सुरक्षित सीट पर बढ़त बना ली है। समाजवादी पार्टी ने जौनपुर के मल्हनी व अमरोहा के नौगावां सादात क्षेत्र में बढ़त बना ली है। बुलंदशहर में समाजवादी पार्टी ने राष्ट्रीय लोकदल को समर्थन दिया है। यहां पर भाजपा प्रत्याशी पहले तथा बसपा प्रत्याशी दूसरे स्थान पर है। बुलंदशहर में भजापा प्रत्याशी आगे। भाजपा प्रत्याशी उषा सिरोही को 3211 और बसपा प्रत्याशी हाजी यूनुस को 2441 263 वोट मिले हैं। जौनपुर के मल्हनी में फिलहाल भाजपा के प्रत्याशी तीसरे स्थान पर है। समाजवादी पार्टी के लकी यादव आगे हैं। दूसरे नंबर पर निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह व तीसरे नंबर पर भाजपा के मनोज सिंह हैं। नौगावां सादात में समाजवादी पार्टी के जावेद आब्दी बढ़त पर हैं।

घाटमपुर विधानसभा सीट परिणाम

9:20 AM- छह में से चार पर भाजपा आगे, दो पर सपा को बढ़त

उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीट की मतगणना में पोस्टल बैलेट के बाद ईवीएम से पहले चक्र की गिनती हो रही है। इनमें छह के रुझान सामने आ गया है। इनमें चार पर भारतीय जनता पार्टी तथा दो पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आगे हैं। भाजपा ने कानपुर शहर के  घाटमपुर सुरक्षित, उन्नाव के बांगरमऊ, देवरिया के देवरिया सदर व फिरोजाबाद की टूंडला सुरक्षित सीट तथा समाजवादी पार्टी ने जौनपुर के मल्हनी व अमरोहा के नौगावां सादात क्षेत्र में बढ़त बना ली है। मल्हनी में फिलहाल भाजपा के प्रत्याशी तीसरे स्थान पर है। समाजवादी पार्टी के लकी यादव आगे हैं। दूसरे नंबर पर निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह व तीसरे नंबर पर भाजपा के मनोज सिंह हैं। नौगावां सादात में समाजवादी पार्टी के जावेद आब्दी बढ़त पर हैं। 

बांगरमऊ विधानसभा उप चुनाव के परिणाम

9:10 AM- पांच सीट के रुझान में भाजपा तीन तथा सपा दो पर आगे

उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीट की मतगणना में पहले पोस्टल बैलेट की गिनती हो रही है। इनमें पांच के रुझान सामने आ गया है। इनमें तीन पर भारतीय जनता पार्टी तथा दो पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आगे हैं। भाजपा ने कानपुर शहर के  घाटमपुर सुरक्षित, उन्नाव के बांगरमऊ तथा देवरिया के देवरिया सदर तथा समाजवादी पार्टी ने जौनपुर के मल्हनी व अमरोहा के नौगावां सादात क्षेत्र में बढ़त बनाई है। जौनपुर के मल्हनी में समाजवादी पार्टी के लकी यादव आगे हैं। दूसरे नंबर पर निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह व तीसरे नंबर पर भाजपा के मनोज सिंह हैं। नौगावां सादात में समाजवादी पार्टी के जावेद आब्दी बढ़त पर हैं। 

मल्हनी विधानसभा उप चुनाव के परिणाम

9:00 AM- पोस्टल बैलेट की गणना में भाजपा सात में से तीन क्षेत्र में बढ़त बनाई

उत्तर प्रदेश की सात विधनासभा सीट पर पोस्टल बैलेट की गणना शुरू हो गई है। देवरिया की देवरिया सदर के साथ कानपुर शहर के घाटमपुर सुरक्षित और उन्नाव की बांगरमऊ सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने पोस्टल बैलेट की गिनती के दौरान बढ़त बना ली है। देवरिया में भाजपा के सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी को 1883, समाजवादी पार्टी के ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी को 1350 तथा बसपा के अभय नाथ त्रिपाठी को 1183 मत मिले हैं। 

टूंडला विधानसभा उप चुनाव के परिणाम

8:50 AM: अमरोहा के नौगावां सादात में एक ईवीएम में खराबी, मतगणना रोकनी पड़ी

अमरोहा जिले के नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र में मतगणना के दौरान आज ईवीएम में खराबी के कारण मतगणना रोकनी पड़ी है। यहां पर टेबल नम्बर तीन पर मशीन नमबर 11760 में तकनीकी खराबी आ गई है। मशीन को ठीक करने में तकनीकी कर्मी जुटे हैं। 

बुलंदशहर सदर विधानसभा उप चुनाव के परिणाम

8:40: AM- यूपी का पहला रुझान आया, घाटमपुर में भाजपा आगे

उत्तर प्रदेश विधानसभा उप चुनाव में मतों की गिनती में पोस्टल बैलेट की गिनती के बाद पहला रुझान सामने आ गया है। कानपुर शहर के घाटमपुर सुरक्षित सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने बढ़त बना ली है।

देवरिया सदर विधानसभा उप चुनाव के परिणाम 

8:20 AM- कानपुर के घाटमपुर में दस प्रतिशत पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी

घाटमपुर विधानसभा सीट के मतों की गिनती नोबस्ता गल्ला मंडी में शुरू हो गई है। फिलहाल डाक मत गिनने की प्रक्रिया चल रही है।

8:10 AM- बुलंदशहर में बैलेट पेपर की गिनती के साथ शुरू हुई मतगणना

बुलंदशहर की सदर विधानसभा सीट पर 3 नवंबर को मतदान के बाद सुबह 8 बजे नगर की नई मंडी परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू कर दी गई है। सबसे पहले बैलेट पेपर की गिनती शुरू की गई है। इसके लिए 3 टेबल लगाए गए हैं। मतगणना की प्रक्रिया 28 राउंड में पूरी की जाएगी। मालूम हो कि सदर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मुख्य दलों के साथ कुल 18 प्रत्याशी मैदान में है। मंगलवार सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम को प्रत्याशियों के समक्ष गोदाम से बाहर निकाला गया। उसके बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 

8:00 AM- मतदान कर्मी व्यस्त-पहले पोस्टल बैलेट की गिनती

मतदान कर्मी सात जिलों में अपने-अपने काम में व्यस्त हो गए हैं। सबसे पहले पोस्टल वोट गिने जा रहे हैं। मतदान कर्मियों ने नियमानुसार अभिकर्ताओं की मौजूदगी में ईवीएम की सील तोड़ मतगणना शुरू की। ईवीएम खुलने के साथ ही प्रत्याशियों की धड़कनें भी बढ़ गईं। मतगणना कर्मी प्रदेश के बुलंदशहर, अमरोहा, कानपुर शहर, उन्नाव, देवरिया, फिरोजाबाद तथा जौनपुर में मुस्तैद हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण को ध्यान में रखकर जारी की गई गाइडलाइन के अनुसार मतगणना की सभी तैयारियां हैं। दोपहर बाद तक सभी नतीजे आ जाएंगे।

7:55 AM- उप चुनाव की मतगणना तीन-तीन हाल में 

बुलंदशहर के बुलंदशहर सदर और जौनपुर के मल्हनी विधानसभा उप चुनाव की मतगणना तीन-तीन हाल में होगी। इसके अलावा उन्नाव के बांगरमऊ, फिरोजाबाद के टूंडला सुरक्षित, अमरोहा के नौगावां सादात, कानपुर शहर के घाटमपुर तथा देवरिया के देवरिया सदर विधानसभा उप चुनाव की मतगणना दो-नो हाल में होगी। इनकी निगरानी के लिए निर्वाचन आयोग ने सात प्रेक्षकों की तैनाती की है। 

7:50 AM- विजय जुलूस पर पूर्णत पाबंदी

उपचुनाव में विजेता की घोषणा के बाद समर्थकों को किसी भी तरह के जुलूस निकालने पर पाबंदी होगी। यह नियम कोविड प्रोटोकॉल के तहत लागू किया गया है। मतगणना स्थल के अंदर और बाहर सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ ही पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को लगाया गया है। 

7:45 AM- मतगणना स्थल पर अधिकतम सात टेबल

कोरोना वायरस संक्रमण को देखते प्रोटोकाल के तहत फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा है। हर मतगणना स्थल पर अधिकतम सात टेबल हैं। बुलंदशहर व मल्हनी सीट की मतगणना तीन-तीन हॉलों में होगी। शेष पांच सीटों की मतगणना दो-दो हॉल में होगी। प्रत्येक मतगणना केंद्र पर कॢमयों की सुरक्षा के लिए थर्मल स्कैनर, हैंड सैनिटाइजर, ग्लव्स, फेस मास्क, फेस शील्ड, पीपीई किट, साबुन, पानी आदि की व्यवस्था की गई है। मतगणना पर विशेष निगरानी रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने सभी सात सीटों पर एक-एक प्रेक्षक तैनात कर दिए हैं।

7:30 AM- उपचुनाव में 53.62 फीसद हुआ था मतदान

तीन नवंबर को विधानसभा की सात रिक्त सीटों पर उपचुनाव में कुल 53.62 फीसद मतदान हुआ था। सबसे अधिक 61.50 फीसद मतदान अमरोहा की नौगावां सादात सीट में हुआ। यह सीट पूर्व क्रिकेटर व मंत्री चेतन चौहान के निधन से रिक्त हुई थी। सबसे कम 49.42 प्रतिशत मतदान कानपुर की घाटमपुर सीट पर हुआ है। यह सीट मंत्री कमल रानी वरुण के निधन के कारण खाली हुई थी। वर्ष 2017 में इन सात सीटों पर 63.90 फीसद मतदान हुआ था। यानी उपचुनाव में वर्ष 2017 के आम चुनाव के मुकाबले करीब 10.28 फीसद कम वोट पड़े।

7:00 AM- 88 में से सात की किस्मत खुलेगी

उत्तर प्रदेश विधानसभा की सात रिक्त सीटों के उपचुनाव में 88 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई है। उपचुनाव के मतदान अमरोहा की नौगावां सादात, बुलंदशहर की बुलंदशहर सदर, फीरोजाबाद की टूंडला, उन्नाव की बांगरमऊ, कानपुर की घाटमपुर, देवरिया की देवरिया सदर और जौनपुर की मल्हनी सीट पर तीन नवंबर को हुआ। सात सीटों पर 88 उम्मीदवारों में नौ महिलाएं भी हैं। सात जिलों में सभी जगह पर शांतिपूर्ण मतगणना के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों तैनाती की गई है। 

6:30 AM- योगी आदित्यनाथ सरकार की सेहत पर नहीं पड़ेगा असर, कांग्रेस पर निगाहें 

उत्तर प्रदेश की सात सीटों पर आने वाले नतीजों से योगी आदित्यनाथ सरकार की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। 403 सदस्यीय विधान सभा वाले राज्य में सत्ता पर काबिज भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ जीती थी। सात सीटों के परिणाम का सरकार की सेहत पर कोई असर नहीं होगा। भाजपा के पास अभी भी 304 विधायक हैं। इस उप चुनाव के परिणाम विपक्षी दलों यानी समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी तथा कांग्रेस के पास अपनी तैयारी परखने का मौका है। भाजपा के लिए संख्या से अधिक से अधिक रहे यह सीएम योगी आदित्यनाथ की अपनी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा है।  सात में से पांच या छह सीट पर यदि भारतीय जनता पार्टी जीत दर्ज करती है तो वह अपनी साख बचाने में सफल होगी, इसके साथ ही यह संदेश जरूर जाएगा कि लोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज से खुश हैं। इसके इतर विपक्ष यदि बेहतर प्रदर्शन करता है तो उसे सरकार पर सवाल उठाने का मौका मिल जाएगा। इन उप चुनावों में भाजपा ने पूरा दम लगाकर प्रचार किया है। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा की निगारनी में यह चुनाव लड़ा गया है। उत्तर प्रदेश की इन सात सीटों पर कांग्रेस के परिणाम पर भी पूरे देश की नजर है। प्रदेश में पार्टी खाता नहीं खोल पाती है तो प्रियंका गांधी वाड्रा पर सवाल उठेंगे।

6:00 AM- सात सीटों पर एक नजर

1- अमरोहा : नौगावां सादात

अमरोहा जिले के नौगावां सादात विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मतों की गिनती 35 राउंड में पूरी होगी। कोविड प्रोटोकॉल के तहत यहां पर 19 टेबल पर मतों की गिनती होगी। यह सीट कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के निधन से खाली हुई है। भाजपा ने यहां पर उनकी पत्नी संगीता चौहान को मैदान में उतारा है। अमरोहा के नौगावां सादात के उप चुनाव में 14 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। यहां मतगणना को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 19 टेबिल लगाई गई हैं। 51 कर्मचारी वोटों की गिनती करेंगे जबकि छह रिजर्व में रहेंगे। यहां मंडी समिति परिसर में पुख्ता इंतजाम हैं। उपचुनाव की मतगणना 35 राउंड में होगी जबकि, वर्ष 2017 में यह 28 राउंड में पूरी की गई थी। उपचुनाव में संगीता चौहान, डॉ.कमलेश सिंह, फुरकान अहमद, जावेद अब्बास, जावेद आब्दी, अजीत कुमार, जहांआरा, हसमत अली, अमरजीत कोहली, शेर सिंह बौद्ध, अकरम, धर्मपाल, अवनीश, अफरोज व हरस्वरूप अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मंगलवार को उसका फैसला होगा।

2- फिरोजाबाद: टूंडला सुरक्षित विधानसभा

फिरोजाबाद के टूंडला सुरक्षित सीट पर उपचुनाव में सब्जी मंडी परिसर में मतगणना होगी। यहां मतगणना के लिए एक हॉल बनाया गया है। जिसमें 14 टेबल पर 40 राउंड में मतगणना पूरी होगी। इन राउंड में एक लाख 81 हजार 55 वोटों की गिनती होगी और इसके बाद विजेता का ऐेलान किया जाएगा। टूंडला सुरक्षित विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के लिए कर्मी मतगणना स्थल के अंदर हैं। तीन नवंबर को मतदान में 50.23 फीसद वोट पड़े थे। इसके बाद ईवीएम को टूंडला मंडी समिति स्थित स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया था। 2017 में दो दशक बाद भाजपा ने टूंडला विस में जोरदार वापसी की थी। विधायक बने प्रो.एसपी सिंह बघेल को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। दो वर्ष बाद आगरा का सांसद बनने के बाद उनके इस्तीफे से सीट खाली हो गई। उपचुनाव के लिए वैसे तो मैदान में दस प्रत्याशी थे, लेकिन मतदान तक संघर्ष त्रिकोणीय होकर रह गया है। यहां भाजपा से प्रेमपाल सिंह धनगर, समाजवादी पार्टी से महाराज सिंह धनगर, बसपा से संजीव कुमार चक, जन अधिकार पार्टी से अशोक कुमार, मौलिक अधिकार पार्टी से धर्मवीर, भारतीय किसान परिवर्तन पार्टी से भगवान सिंह, राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी से भूपेंद्र कुमार, परिवर्तन समाज पार्टी से सतीश कुमार और निर्दलीय मिथलेश मझवार व सचिन कुमार माइकल डैन मैदान में हैं।

3- जौनपुर : मल्हनी 

मल्हनी विधानसभा क्षेत्र समाजवादी पार्टी के विधायक पारसनाथ यादव के निधन से खाली हुई मल्हनी विधान सभा सीट के उपचुनाव के परिणाम सामने लाने के लिए नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति चैकिया में होने वाली गणना का रूझान दस बजे से आने शुरू हो जाएंगे। मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गणना के लिए 21 टेबल लगाए गए हैं। प्रत्येक पर चार-चार मतगणना कर्मी रहेंगे। मतों की गणना सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। मतगणना के लिए 21 टेबल लगे हैं। प्रत्येक टेबल पर चार-चार मतगणना कर्मी लगे हैं। 

4- देवरिया : देवरिया सदर

देवरिया सदर विधानसभा उप चुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच देवरिया के महाराजा अग्रसेन इंटर कालेज में होगी। मतगणना परिसर अर्द्धसैनिक बलों के हवाले है। यहां पर मतगणना के लिए 17 टेबल लगाए गए हैं। मतगणना 35 चक्र में होगी। मतगणना के दौरान हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन की व्यवस्था की गई है। गणना कार्य सीसीटीवी कैमरे की नजर में हो रही है। वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। 

5- कानपुर शहर: घाटमपुर सुरक्षित सीट

कानपुर शहर के घाटमपुर विधानसभा उप चुनाव में मतों की गिनती 14 टेबल पर 35 राउंड में होगी। यहां पर छह प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। यह सीट कैबिनेट मंत्री कमला रानी वरुण के निधन से खाली हुई है। कानपुर की घाटमपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में गल्लामंडी में आज ईवीएम के मतों की गिनती के बाद पांच बूथों के वीवीपैट की पॢचयों व ईवीएम के मतों का मिलान होगा। घाटमपुर विधानसभा सीट में 260 मतदान केंद्रों के 481 बूथों पर वोट पड़े थे। प्रत्येक राउंड में 14 टेबल पर 14 बूथों के मतों की गिनती होगी। दो हाल में सात-सात टेबल लगाए गए हैं। कुल 35 राउंड में वोट गिने जाएंगे। 25 राउंड तक की गणना के बाद लगभग तस्वीर साफ हो जाएगी कि विधायक कौन होगा। 2017 में भाजपा की कमल रानी वरुण जीती थीं। उनके निधन के बाद रिक्त हुई सीट पर हुए उपचुनाव में छह उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां पर 3,19,148 मतदाताओं में से 1,57,716 मताधिकार का प्रयोग किया था। यहां भाजपा से उपेंद्र नाथ पासवान, बसपा से कुलदीप संखवार, कांग्रेस से डॉ. कृपाशंकर, सभी जन पार्टी से अशोक पासवान तथा अर्जक अधिकार दल से विपिन कुमार मैदान में हैं। 

6- बुलंदशहर : बुलंदशहर सदर

मतगणना स्थल नई मंडी परिसर के गेट पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सदर विधानसभा सीट से विधायक रहे विरेंद्र सिंह सिरोही के निधन के बाद इस सीट पर चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई। उप चुनाव मैदान में कुल 18 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई है। आज उनकी किस्मत का फैसला नई मंडी परिसर में मतगणना से होगा। कुल 28 राउंड के बाद चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी। मतदान के दौरान कुल 52.56 फ़ीसदी मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। सदर विधानसभा सीट से विधायक रहे विरेंद्र सिंह सिरोही के निधन के बाद इस सीट पर चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई। चुनाव मैदान में कुल 18 प्रत्याशियों ने आमद दर्ज कराई और मतगणना की प्रक्रिया 28 राउंड में पूरी की जाएगी। चुनाव मैदान में भाजपा प्रत्याशी के रूप में उषा सिरोही, बसपा से हाजी यूनुस,कांग्रेस से सुशील चौधरी, रालोद और सपा गठबंधन से प्रवीण कुमार सिंह और आजाद समाज पार्टी से हाजी यामीन सहित 18 प्रत्याशी हैं। जिसमें से पांच महिलाएं हैं और चार निर्दलीय हैं।

7- उन्नाव : बांगरमऊ

उन्नाव की बांगरमऊ विधानसभा सीट पर उपचुनाव में वोटों की गिनती दही चौकी के वेयरहाउस में की जा रही है। मतगणना के 14 राउंड पूरे होते ही विधानसभा में प्रत्याशी की हार-जीत तय होने लगेगी। मतगणना 14 टेबल पर होगी। जहां प्रत्येक टेबल पर 14 बूथों पर पड़े वोट गिने जाएंगे। भाजपा के कुलदीप सिंह सेंगर के अयोग्य साबित होने के बाद विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,43,008 मतदाताओं के बीच 1,73,403 ने वोट डाले थे। दोपहर तक चलने वाली मतगणना के कुल 37 राउंड होंगे। यहां 136 कर्मचारी लगाए गए हैं। मतगणना कार्य की निगरानी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से ऑनलाइन की गई है। विधानसभा क्षेत्र के 507 पोलिंग बूथों पर मत पड़े थे। उपचुनाव में कुल 15 प्रत्याशियों ने नामांकन कराए थे, लेकिन मैदान में आठ दलीय और दो निर्दलीय प्रत्याशी सहित कुल 10 प्रत्याशी रहे। 

यह भी देखें: BJP 5 और SP 1 सीट पर आगे


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.