अब नहीं करना पड़ेगा घंटो बस का इंतजार, 'चलो एप' दिखाएगा सटीक लोकेशन
नगर बसों के लिए महापौर ने लांच किया एप, टर्मिनल पर नहीं करना होगा इंतजार। घर से निकलने से पहले ही एप बताएगा कहां है बस, आपके स्टॉप पर कितने बजे पहुंचेगी।
लखनऊ, जेएनएन। टर्मिनल पर खड़े होकर नगर बस का इंतजार न करना पड़े, इसके लिए मोबाइल पर 'चलो एप' डाउनलोड कर जानकारी हासिल करें और फिर घर से निकलें। इससे कम से कम 40 मिनट का समय बचेगा।
लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज ने अर्बन मास ट्रांजिट कंपनी के सहयोग से शुक्रवार को 'चलो एप' लांच किया। ताज होटल में महापौर संयुक्ता भाटिया ने इस एप की शुरुआत की। मौके पर नगर आयुक्त डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, नगरीय परिवहन के संयुक्त निदेशक अजीत सिंह, नगर बस के एमडी आरिफ सकलैन, अर्बन मास की ओर से किशोर नथानी और सुमन कौल मौजूद रहे। एप से 32 रूट की डेढ़ सौ नगर बसों से सफर करने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा।
एप देगा ये जानकारी
- जिस स्टॉप से नगर बस चाहिए, वहां कितने बजे पहुंचेगी।
- कहां-कहां से किस नंबर की बस आसपास है और सबसे नजदीकी बस स्टॉप की जानकारी।
- मैप पर सिटी बस की रियल टाइम लाइव ट्रैकिंग लोकेशन।
- सबसे सस्ते और सबसे तेज यात्रा के विकल्प तथा समयावधि की जानकारी।
दस किमी दूर बस का भी पता चलेगा
एप से सात से दस किमी तक की दूरी से यात्री बस की लोकेशन समेत अन्य जानकारी हासिल कर सकेंगे। इसके लिए नगर बसों में जीपीएस (ग्लोबल पोजिसनिंग सिस्टम) लगा दिया गया है। जल्द ही इससे ऑटो और अन्य संसाधनों का भी पता चलेगा। गूगल प्ले स्टोर से चलो एप को मुफ्त में डाउनलोड किया जा सकता है।