यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उत्तर प्रदेश के 23 जिलों में 10 प्रतिशत से कम बच्चों ने लगवाए टीके, वैक्सीन लगाने में शाहजहांपुर आगे तो वाराणसी पीछे
उत्तर प्रदेश में बच्चों के टीकाकरण की गति बेहद धीमी है। यूपी के 23 जिलें ऐसे हैं जहां अभी तक ...और पढ़ें

लखनऊ, राज्य ब्यूरो । कोरोना से बचाव के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में 12 वर्ष से 14 वर्ष तक की उम्र के बच्चे वैक्सीन लगवाने में कम दिलचस्पी दिखा रहे हैं। कुल 84.64 लाख बच्चों को टीका लगाया जाना है और उसमें से 16.95 लाख बच्चों ने वैक्सीन लगवाई है।
बीते 16 मार्च से बच्चों को वैक्सीन लगाए जाने की शुरुआत हुई थी और अब तक कुल 20 प्रतिशत बच्चे ही वैक्सीन लगवाने पहुंचे हैं। 23 जिलों में 10 प्रतिशत से कम बच्चे टीका लगवाने पहुंचे हैं। बच्चों को कोर्बेवैक्स का टीका लगाया जा रहा है। बच्चों को टीका लगाने में वाराणसी सबसे पीछे है।
वाराणसी में कुल 1.55 लाख बच्चों को टीका लगाया जाना है और अब तक 4391 बच्चों ने वैक्सीन लगवाई है। यानी 2.8 प्रतिशत बच्चे ही वैक्सीन लगवाने पहुंचे हैं। वहीं आगरा में 1.87 लाख बच्चों में से 5951 बच्चों ने टीका लगवाया है। 3.17 प्रतिशत बच्चे वैक्सीन लगवाने पहुंचे हैं।
सीतापुर में 1.89 लाख बच्चों में से 8535 यानी 4.4 प्रतिशत बच्चों ने वैक्सीन लगवाई है। इसके अलावा जिन जिलों में 10 प्रतिशत से कम टीके लगाए गए हैं उनमें बुलंदशहर, बदायूं, ललितपुर, अमरोहा, संत कबीर नगर, झांसी, इटावा, औरैया, कौशांबी, मीरजापुर, प्रयागराज, शामली, मथुरा, सोनभद्र, पीलीभीत, बस्ती, फिरोजाबाद, महाराजगंज व कासगंज शामिल हैं।
राज्य टीकाकरण अधिकारी डा. अजय घई ने बताया कि इन जिलों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक करेंगी। बच्चों को टीका लगाने के मामले में शाहजहांपुर सबसे आगे है। यहां 1.27 लाख बच्चों में से करीब 99 हजार बच्चे टीका लगवा चुके हैं। 78 प्रतिशत बच्चों ने वैक्सीन लगवा ली है। बलिया में 58 प्रतिशत और रायबरेली में 41 प्रतिशत बच्चों ने टीका लगवाया है।
