Move to Jagran APP

अखिलेश जी! यह झूठ भी बोल दीजिए कि सपा सरकार ने बनवाया राम मंदिर, विधान परिषद में बोले स्वतंत्र देव सिंह

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा प्रमुख कहते हैं कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे उनका बनवाया हुआ है। शायद सपने में बनाया था। जिस तरह से अखिलेश कागजी एक्सप्रेसवे का झूठा ढोल पीट रहे हैं वैसे ही वह कह सकते हैं कि राम मंदिर भी सपा सरकार ने बनवाया है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Sat, 28 May 2022 03:00 AM (IST)Updated: Sat, 28 May 2022 06:33 AM (IST)
अखिलेश जी! यह झूठ भी बोल दीजिए कि सपा सरकार ने बनवाया राम मंदिर, विधान परिषद में बोले स्वतंत्र देव सिंह
विधान परिषद में नेता सदन स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि झूठा ढोल ही पीटते रहे हैं सपा प्रमुख।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में राज्यपाल के अभिभाषण को सपा द्वारा झूठ का पुलिंदा कहे जाने को जनता का अपमान बताते हुए नेता सदन स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव तो झूठा ढोल ही पीटते रहे हैं। सपा प्रमुख पर तंज कसते हुए कहा कि उनका अगला बयान होगा कि 'राम मदिर भी समाजवादी पार्टी की सरकार ने बनवाया है।'

loksabha election banner

नेता सदन स्वतंत्र देव सिंह बोले कि यह क्रेडिट भी ले ही लीजिए अखिलेश जी...जब इतना झूठ बोल दिए तो एक झूठ और सही।' नेता सदन ने आरोप लगाए कि सपा की विकास की सोच नहीं है इसलिए वह कुछ देखना-समझना भी नहीं चाहती है। जनता का मोदी-योगी के नेतृत्व पर भरोसा बढ़ता जा रहा है। विपक्ष, सिर्फ विरोध करने के लिए विरोध न करे बल्कि हमारा सहयोग करे।

शुक्रवार को विधान परिषद में ध्वनि मत से राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित हुआ। इससे पहले नेता सदन ने लगभग आधे घंटे तक विपक्ष द्वारा रखे गए संशोधन प्रस्ताव पर जवाब दिया। कहा कि राज्य की 25 करोड़ जनता की भावनाओं का प्रतिबिंब है अभिभाषण।

सपा सहित अन्य विपक्षी दलों द्वारा कानून व्यवस्था सहित अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने पर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा सरकार में कोसीकला, मुजफ्फरनगर सहित 700 दंगे हुए। जवाहर बाग कांड ने तो सपा मुखिया को कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ा था। जनता ने उन्हें 'दंगेश' नाम दे दिया था। अब डबल इंजन की सरकार में एक भी दंगा नहीं होता। बुलडोजर का जिक्र करते हुए कहा कि बुलडोजर कहीं चले, इनके पैरों के नीचे धरती हिलने लगती है क्योंकि वह दशकों तक इनकी सत्ता की नींव बने माफिया पर चल रहा है। हमारा बुलडोजर बोलता नहीं बोलती बंद करता है इनके अपराधी शागिर्दों की।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा प्रमुख कहते हैं कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे उनका बनवाया हुआ है। शायद सपने में बनाया था। जिस तरह से अखिलेश कागजी एक्सप्रेसवे का झूठा ढोल पीट रहे हैं वैसे ही वह कह सकते हैं कि राम मंदिर भी सपा सरकार ने बनवाया है।

भाजपा सदस्य डा. महेन्द्र सिंह ने कहा कि योगी सरकार में किसानों की समस्याओं का समाधान हुआ है। सरयू सहित कई परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सिंचाई की क्षमता बढ़ी है। बड़े हिस्से में बाढ़ की समस्या का समाधान हुआ है। डा. हरी सिंह ढिल्लो, सरोजनी अग्रवाल, सुधीर गुप्ता, सुभाष यदुवंश, सत्यपाल सिंह, सुरेन्द्र चौधरी, ऋषिपाल सिंह, डा. मानवेन्द्र प्रताप सिंह, डा. केपी सिंह, अश्वनी त्यागी, कुंवर महाराज सिंह, वन्दना वर्मा व गोविन्द नारायण ने भी चर्चा में भाग लेते हुए मोदी और योगी सरकार के कार्यों को गिनाया और शेरो-शायरी के जरिये विपक्ष को आईना दिखाने की कोशिश की।

सपा के नरेश चंद्र उत्तम ने सपा सरकार पर सत्ता पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर कहा कि गड़े मुर्दे उखाड़े जा रहे हैं। वास्तव में भाजपा सरकार में लोकतंत्र खतरे में है। सपा के रणविजय सिंह, डा. मान सिंह यादव व आशुतोष सिन्हा आदि ने कहा कि जनता छला हुआ महसूस कर रही है। अभिभाषण में पुरानी पेंशन का जिक्र नहीं है। शिक्षक दल के ध्रुव कुमार त्रिपाठी और निर्दलीय समूह के डा. आकाश अग्रवाल ने खासतौर से शिक्षकों के मामलों को उठाया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.