विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

LDA संभालेगा सुशांत गोल्फ सिटी की कमान, आज एनसीएलटी में सुनवाई से तय होगी आगे की राह

Published: Wed, 23 Sep 2026 01:26 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट ने 15 सितंबर को सुशांत गोल्फ सिटी की अधूरी परियोजना को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) द्वारा पूरा कराने की मुहर लगा दी है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. कैबिनेट ने एलडीए को सुशांत गोल्फ सिटी परियोजना सौंपने को मंजूरी दी।

  2. परियोजना के भविष्य के लिए एनसीएलटी की सुनवाई महत्वपूर्ण होगी।

  3. एलडीए सरकार के शासनादेश के साथ एनसीएलटी में अपना पक्ष रखेगा।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी की अधूरी परियोजना को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) पूरी कराएगा, इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की मुहर 15 सितंबर को लग चुकी है।

राष्ट्रीय कंपनी विधि अधिकरण (एनसीएलटी) में अब बुधवार को सुनवाई हो रही है, योजना को आगे बढ़ाने में एनसीएलटी का निर्णय अहम होगा, क्योंकि अधिकरण ही यह तय करेगा कि टाउनशिप सीआइआरपी (कारपोरेट इनसाल्वेंसी रेजोल्यूशन प्रोसेस) के तहत आगे बढ़ेगी या फिर एलडीए को गारंटर के रूप में कार्य करने का अवसर मिलेगा।

उत्तर प्रदेश हाईटेक टाउनशिप विकसित करने के लिए एलडीए व अंसल एपीआइ के बीच करार हुआ था, उसमें परफार्मेंस गारंटी के तहत योजना के 25 प्रतिशत भूखंड एलडीए ने अपने कब्जे में रखा।

इस प्रक्रिया की यही खासियत रही कि यदि अंसल योजना को विकसित करने और खरीदारों को भूखंड देने में असफल रहता है तो यह भूमि खरीदारों को देकर और शेष भूखंड बेचकर योजना का विकसित किया जाएगा। साथ ही यह करार लोगों में विश्वास बढ़ाने वाला था कि इसमें गारंटर एलडीए है।

एनसीएलटी के अधिवक्ता महीश प्रवीर सहाय कहते हैं कि हाईटेक टाउनशिप को सीआइआरपी से पूरी तरह से बाहर रखने पर ही सही तरह से विकास हो सकेगा, क्योंकि यदि सीआइआरपी के माध्यम से अनुपालन हुआ तो हर चरण में समस्याएं होंगी।

इस परियोजना में आवंटियों की संख्या 5000 से अधिक है बड़ी संख्या में ऐसे भी लोग हैं जो दावा प्रस्तुत नहीं कर सके, गरीब आवंटी भी हैं। उनके हित में एलडीए को ही पूरी योजना सौंपना सबसे बेहतर होगा।

राजधानी में ही रोहतास बिल्डर की करीब तीन साल पहले दिवालिया प्रक्रिया शुरू हुई थी। उसमें एनसीएलटी ने सीआइआरपी के माध्यम से योजना को आगे बढ़ाने का आदेश दिया था। ऐसे में आवंटियों को अपना धन पाने में वर्षों लग गए, जबकि सुशांत गोल्फ सिटी के विकास के लिए प्रदेश सरकार ने 2912 करोड़ रुपये स्वीकृत किया है, यह धनराशि एलडीए सही से विकास पर खर्च कर सकेगा।

उधर एनसीएलटी में सुनवाई शुरू हो सभी इसकी कामना कर रहे हैं, क्योंकि 17 दिसंबर 2025 को इस प्रकरण की एनसीएलएटी में सुनवाई पूरी हुई और आदेश सात जनवरी 2026 को जारी किया गया था। इस मामले की एनसीएलटी में 15 मई, तीन जुलाई, 30 जुलाई व 19 अगस्त को सुनवाई होनी थी लेकिन समय की कमी से सुनवाई नहीं हो सकी।

शासनादेश के साथ पक्ष रखेगा एलडीए : प्रथमेश

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया, लखनऊ विकास प्राधिकरण उस शासनादेश के साथ अपना पक्ष एनसीएलटी में रखेगा, जिसमें सरकार ने हाईटेक टाउनशिप को टेकओवर करने का आदेश दिया है। एनसीएलटी के आदेश का एलडीए पालन कराएगा।