एलडीए संभालेगा सुशांत गोल्फ सिटी की संपत्तियों का नामांतरण, आवंटियों को मिलेगी बड़ी राहत
लखनऊ विकास प्राधिकरण अब सुशांत गोल्फ सिटी की संपत्तियों का नामांतरण करेगा, जिससे आवंटियों को बड़ी राहत मिलेगी। अंसल एपीआई ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, लखनऊ। : मेसर्स अंसल प्रापर्टी एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर (अंसल एपीआइ) सुशांत गोल्फ सिटी में लखनऊ विकास प्राधिकरण व नगर निगम के समानांतर कार्य करता रहा। यही वजह है कि संपत्तियों का नामांतरण (म्यूटेशन) आधिकारिक संस्थाओं में न हो कर अंसल के कार्यालय में होता रहा।
आवंटियों के अनुसार, ऐसी नामांतरित संपत्तियों की संख्या 2500 से 3000 हजार तक हैं। हाईटेक टाउनशिप टेकओवर करने के बाद एलडीए गोल्फ सिटी की सभी संपत्तियों का नामांतरण करेगा।
आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियों की खरीद-बिक्री की प्रक्रिया हर जगह चल रही है। आमतौर पर लोग निजी बिल्डर की संपत्तियों का नगर निगम व एलडीए में पंजीकृत कराते रहे हैं। म्यूटेशन कराने में पहले संपत्ति के मूल्य का एक प्रतिशत धनराशि जमा कराई जाती रही है।
आम लोगों के हित में सरकार ने नामांतरण की दरें घटा दीं, अब नगर निगम व एलडीए में 10 हजार रुपये में ही नामांतरण हो जाता है। नियम विरुद्ध अंसल एपीआइ अपने कार्यालय में नामांतरण करता रहा और इसके लिए संपत्ति के मूल्य का एक प्रतिशत धनराशि जमा कराता रहा है।
एलडीए के अधिकारी अंसल की संपत्तियों के म्यूटेशन का भी हिसाब-किताब कर रहे हैं। सामने आया है कि कई संपत्तियों की दो से तीन बार बिक्री करके लाखों रुपये जमा कराए गए, जबकि अंसल को म्यूटेशन करने का अधिकार ही नहीं था।
ऐसे में हाईटेक टाउनशिप टेकओवर करने के बाद एलडीए इस व्यवस्था पर पूर्ण विराम लगाकर सभी संपत्तियों का नामांतरण एलडीए में ही कराएगा। इससे सुशांत गोल्फ सिटी के आवंटियों के साथ ही वहां की संपत्तियों को खरीदने वालों को राहत मिलेगी।
एलडीए सचिव सुशील प्रताप सिंह ने बताया, सुशांत गोल्फ सिटी के हर पहलू पर मंथन कर रहे हैं, जनहित में म्यूटेशन सहित अन्य निर्णय लिए जाएंगे।
