एलडीए एक-मुख्य अभियंता तीन, बंदरबांट की शिकायत पहुंची सीएम दरबार
एलडीए में मुख्य अभियंता का एक ही पद है जिसमें सिविल कार्य के लिए तीन अभियंता पोस्टेड हैं। हाल ही में दो अधीक्षण अभियंता प्रोन्नता होकर अब मुख्य अभियंता बन गए पहले से ही एक मुख्य अभियंता तैनात एक चीफ की सीएम से हुई शिकायत।
लखनऊ, [ऋषि मिश्र]। एलडीए में सिविल कार्यों के तीन मुख्य अभियंता हैं। जबकि एक प्राधिकरण में मुख्य अभियंता का पद एक ही है। हाल ही में दाे अधीक्षण अभियंता प्रोन्नत हो गए हैं और वे भी मुख्य अभियंता हो गए हैं। जबकि एक मुख्य अभियंंता यहां पहले से ही था। इन तीन में से एक मुख्य अभियंता की घूसखोरी करने की शिकायत मुख्यमंत्री से भी कर दी गई है।
माना जा रहा है कि मुख्य अभियंता पद पर तैनात अधिकारी मोह नहीं छोड़ पा रहे हैं। दूसरी ओर, एलडीए का कहना है कि जैसे ही हाल ही में प्रोन्नत किए गए अधीक्षण अभियंता को शासन नई तैनाती देगा, वे अपना पदभार ग्रहण कर के यहां से चले जाएंगे।प्राधिकरण में वास्तविक मुख्य अभियंता का कार्य इंदुशेखर सिंह ही देख रहे हैं। उनके अलावा चकेश जैन और पीसी पांडेय करीब एक माह पहले तक अधीक्षण अभियंता थे, मगर अब वे मुख्य अभियंता के पद पर प्रोन्नत किए जा चुके हैं। मगर यहां काम वे अधीक्षण अभियंता के ही देख रहे हैं। शासन से नई तैनाती अब तक नहीं मिल सकी है। इसी बीच में इनमें से एक चक्रेश जैन के खिलाफ भाजपा के रामनगर से विधायक शरद अवस्थी ने मुख्यमंत्री से शिकायत भी की। शरद अवस्थी ने चक्रेश जैन पर एक ठेकेदार को पेमेंट न करने और उसकी एवज में रिश्वत मांगने का आराेप लगाया है। जिसके बाद में ये सवाल और बड़े हो गए हैं कि आखिर एलडीए में सिविल के तीन तीन मुख्य अभियंताओं का क्या काम हो सकता है। दूसरी ओर एलडीए प्रशासन का मानना है कि तीनों अच्छा काम कर रहे हैं खासतौर पर पीएम आवास योजना का। इन लोगों पर पहले कभी इस तरह का कोई भी आरोप नहीं लगाया गया है।
लविप्रा के , उपाध्यक्ष शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि दोनों ही हाल में प्रोन्नत किए गए मुख्य अभियंता अपनी अन्यत्र तैनाती के इंतजार में हैं। शासन जैसे ही उनको दूसरे प्राधिकरण में भेजेगा एलडीए में सामान्य व्यवस्था के तहत एक ही मुख्य अभियंता रह जाएगा।