लाल बिहारी यादव होंगे यूपी विधान परिषद के नए नेता प्रतिपक्ष, संजय लाठर सहित सपा के तीन सदस्यों का कार्यकाल खत्म
यूपी विधान परिषद में गुरुवार 26 मई को समाजवादी पार्टी के सदस्य संजय लाठर राजपाल कश्यप व अरविन्द कुमार का कार्यकाल पूरा हो गया। अब उत्तर प्रदेश विधान परिषद के नए नेता प्रतिपक्ष समाजवादी पार्टी के एमएलसी लाल बिहारी यादव बनेंगे।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। समाजवादी पार्टी के एमएलसी लाल बिहारी यादव उत्तर प्रदेश विधान परिषद के नए नेता प्रतिपक्ष बनेंगे। नेता प्रतिपक्ष संजय लाठर सहित तीन सपा सदस्यों का कार्यकाल गुरुवार को समाप्त हो गया। सपा ने लाल बिहारी यादव को नया नेता प्रतिपक्ष बनाने के लिए पत्र विधान परिषद के सभापति को भेज दिया है। शुक्रवार को इसकी अधिसूचना जारी हो सकती है।
यूपी विधान परिषद में गुरुवार 26 मई को सपा सदस्य संजय लाठर, राजपाल कश्यप व अरविन्द कुमार का कार्यकाल पूरा हो गया। अब परिषद में सपा के 11 सदस्य बचे हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में वर्ष 2020 के एमएलसी चुनाव में भाजपा को मात देने वाले शिक्षक कोटे के विधान परिषद सदस्य लाल बिहारी यादव को नया नेता प्रतिपक्ष बनाने का निर्णय लिया है।
समाजवादी पार्टी के एमएलसी लाल बिहारी यादव ने वित्त विहीन माध्यमिक शिक्षकों का संगठन बनाकर गैर अनुदानित विद्यालयों के शिक्षकों की लड़ाई लड़ी। प्रदेश में वित्त विहीन शिक्षकों की बड़ी संख्या को देखते हुए सपा ने लाल बिहारी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। हालांकि उनका कार्यकाल छह जुलाई तक रहेगा।
चूंकि छह जुलाई को समाजवादी पार्टी के बचे 11 सदस्यों में से छह और सदस्य जगजीवन प्रसाद, कमलेश कुमार पाठक, रणविजय सिंह, शतरुद्र प्रकाश (अब भाजपा में), बलराम यादव व राम सुंदर दास निषाद का भी कार्यकाल पूरा हो जाएगा। ऐसे में समाजवादी पार्टी के केवल पांच सदस्य नरेश चन्द्र उत्तम, राजेन्द्र चौधरी, आशुतोष सिन्हा, डा. मान सिंह यादव व लाल बिहारी यादव रह जाएंगे। एमएलसी की 13 सीटों के लिए 20 जून में होने वाले चुनाव में सपा चार सीटें ही जीत पाएगी। ऐसे में सपा सदस्यों की संख्या नौ हो जाएगी। नेता प्रतिपक्ष के लिए न्यूनतम 10 प्रतिशत यानी 10 सदस्य जरूरी हैं।
बता दें कि यूपी में विधान परिषद की 13 सीटों के लिए 20 जून 2022 को चुनाव होगा। चुनाव के लिए दो जून को अधिसूचना जारी होगी। बुधवार को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से छह जुलाई को विधान परिषद की खाली हो रही सीटों को भरने के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
वहीं चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने की अंतिम तारीख नौ जून निर्धारित की गई है। 10 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 13 जून तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। वहीं 20 जून को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा और इसी दिन शाम पांच बजे के बाद मतगणना होगी।