यूपी की महिलाओं को योगी सरकार दे रही एक लाख रुपये, पात्रता और कैसे करें योजना में आवेदन?
Lakhpati Didi Yojana Eligibility | योगी सरकार की लखपति दीदी योजना यूपी की ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का अवसर दे रही है।

HighLights
मुफ्त प्रशिक्षण और डिजिटल जानकारी से कौशल विकास।
स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को ब्याज-मुक्त ऋण।
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सुनहरा अवसर।
साक्षी गुप्ता, लखनऊ। Lakhpati Didi Yojana | आप अगर यूपी से हैं और अपने पैरों पर खड़े होकर हर महीने सम्मान के साथ कमाई करना चाहती हैं तो 'लखपति दीदी योजना' आपके इस सपने को पूरा करने का एक बेहतरीन मौका है।
योगी सरकार की इस योजना से ग्रामीण भारत की लाखों बहनें और माताएं इस योजना से जुड़कर न केवल अपने घर का खर्च खुद चला रही हैं, बल्कि आत्मनिर्भर बनकर दूसरों के लिए मिसाल भी पेश कर रही हैं।
इस योजना में नया काम सीखने के लिए मुफ्त ट्रेनिंग, डिजिटल जानकारी और बिना किसी झंझट के आसान लोन दिया जाता है। आईये आसान भाषा में समझते हैं कि इस योजना की शर्तें क्या हैं और इसके लिए कैसे आवेदन कर सकते हैं।
इस आर्टिकल में क्या-क्या है?
लखपति दीदी योजना क्या है? |
| योजना का मुख्य उद्देश्य क्या है? |
लखपति दीदी योजना के मुख्य लाभ |
| योजना के लिए क्या है पात्रता? |
| योजना के लिए आवश्यक दस्तावेज |
योजना में आवेदन कैसे करें? |
योजना की मुख्य बातें |
लखपति दीदी योजना क्या है?
लखपति दीदी योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत शुरू की गई एक प्रमुख पहल है। इस योजना के तहत गांवों और कस्बों में काम करने वाली महिलाओं को 'स्वयं सहायता समूहों' (Self Help Groups - SHG) के माध्यम से संगठित किया जाता है।
योजना का मुख्य उद्देश्य क्या है?
योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को पारंपरिक कामों से आगे बढ़ाकर उद्यमिता, सिलाई, ड्रोन संचालन (ड्रोन दीदी), एलईडी बल्ब निर्माण, कृषि तकनीक और डिजिटल बैंकिंग जैसे हुनर सिखाना है। इसके बाद उन्हें अपना नया व्यवसाय शुरू करने या पुराने व्यवसाय को बढ़ाने के लिए आसान ऋण और तकनीकी मदद दी जाती है।

महिलाओं को 1 लाख रुपये तक का लोन
योगी सरकार स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बिना ब्याज के एक लाख तक का लोन दे रही है। यह पूरी रकम एक बार में नहीं मिलती। इसको तीन चरणों में दिया जाता है। शुरुआत में पहली किस्त के रूप में 20000 रुपये का इंटरेस्ट फ्री लोन दिया जाता है।
जो महिलाएं पहली किस्त को समय पर चुका देती हैं, वो अगली किस्त के तौर पर 30000 रुपये पाने की हकदार बनती हैं।
इसके बाद तीसरी और आखिरी किस्त के तौर पर 50000 रुपये की रकम दी जाती है। इस तरह कुल 1 लाख की यह मदद पूरी तरह बिना ब्याज के महिलाओं को दी जाती है।
लखपति दीदी योजना की मुख्य बातें
- लखपति दीदी योजना का लाभ मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की उन महिलाओं को दिया जाता है जो आर्थिक रूप से खुद को मजबूत करना चाहती हैं।
- एससी, एसटी, अति पिछड़े वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को योजना में प्राथमिकता दी जाती है।
- जिस महिला के परिवार में कोई सदस्य सरकारी नौकरी में हो या जो महिलाएं आयकर देती हों, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं हैं।
लखपति दीदी योजना के मुख्य लाभ
कौशल विकास व ट्रेनिंग: महिलाओं को आधुनिक और तकनीकी कार्यों (जैसे ड्रोन मैकेनिक/पायलट, सोलर पैनल, एलईडी बल्ब बनाना, डेयरी और हैंडीक्राफ्ट) की मुफ्त ट्रेनिंग दी जाती है।
आसान और बिना गारंटी का लोन: अपना बिजनेस शुरू करने के लिए महिला समूहों और व्यक्तिगत स्तर पर 1 लाख से लेकर 5 लाख तक का बेहद कम या शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर लोन दिया जाता है।
मार्केटिंग सपोर्ट: महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को बड़े बाजारों, सरकारी आउटलेट्स और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स जैसे फ्लिटकार्ट, अमेजन से जोड़ा जाता है।
वित्तीय साक्षरता: महिलाओं को डिजिटल पेमेंट, बैंक अकाउंट हैंडलिंग और बिजनेस मैनेजमेंट सिखाया जाता है।
योजना के लिए क्या है पात्रता?
- आवेदक महिला उत्तर प्रदेश की स्थायी निवासी होनी चाहिए।
- महिला की आयु 18 वर्ष से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
- महिला का किसी स्थानीय स्वयं सहायता समूह (Self Help Group) का सदस्य होना जरूरी है।
- परिवार की वार्षिक आय 3,00,000 से अधिक नहीं होनी चाहिए।
- आवेदक के परिवार में कोई सदस्य सरकारी सेवा में नहीं होना चाहिए।
योजना के लिए आवश्यक दस्तावेज
योजना का लाभ लेने के लिए आपके पास पहचान पत्र होना जरूरी है। इसके अलावा निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, स्वयं सहायता समूह (SHG) की सदस्यता का विवरण, पासपोर्ट साइज फोटो और मोबाइल नंबर होना अनिवार्य है।
योजना में आवेदन कैसे करें? Lakhpati Didi Scheme Registration
- अगर आप स्वयं सहायता समूह की सदस्य नहीं हैं, तो अपने गांव के नजदीकी स्वयं सहायता समूह से जुड़ें या आंगनवाड़ी केंद्र/ब्लॉक कार्यालय में संपर्क करें।
- राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी या 'कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन' से संपर्क करें।
- इसके बाद वहां से 'लखपति दीदी योजना' का आवेदन फॉर्म प्राप्त करें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी व व्यवसाय के विचार का विवरण भरें।
- सभी जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी को फॉर्म के साथ अटैच करें।
- जमा किए गए आवेदन की जांच के बाद आपको संबंधित ट्रेनिंग सेंटर पर व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद बिजनेस प्लान के आधार पर लोन की राशि जारी की जाती है।
यह भी पढ़ें- लखपति दीदी योजना में देश में नंबर-1 बना बिहार, नीति आयोग की बैठक में CM सम्राट चौधरी ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड
