Uttarakhand Glacier Burst: लखीमपुरखीरी के 29 लोगों को मृत घोषित करने की तैयारी, प्रशासन ने छोड़ी उम्मीद
बता दें कि सात फरवरी को उत्तराखंड के धौलीगंगा नदी पर बिजली परियोजना का काम चल रहा था। इस दौरान बांध फटने से अचानक जल प्रलय आ गई और पूरे इलाके में हाहाकार मच गया। पानी का बेग इतना था तमाम लोग लापता हो गए।
लखीमपुर, जेएनएन। करीब तीन माह पहले उत्तराखंड में आई तबाही में लापता हुए खीरी जिले के 29 लोगों को अब प्रशासन मृत घोषित करने जा रहा है। इसकी प्रक्रिया प्रशासन ने शुरू कर दी है। परिवार वालों ने भी अब इनके वापस आने की उम्मीद छोड़ दी है। डीएम ने लापता लोगों की सूची जारी की है। कहा है कि अगर इनके संबंध में किसी को कोई जानकारी हो तो 30 दिन में एसडीएम निघासन कार्यालय में दे सकता है।
बता दें कि सात फरवरी को उत्तराखंड के धौलीगंगा नदी पर बिजली परियोजना का काम चल रहा था। इस दौरान बांध फटने से अचानक जल प्रलय आ गई और पूरे इलाके में हाहाकार मच गया। पानी का बेग इतना था तमाम लोग लापता हो गए। इसमें से कई के शव मिले थे। खीरी जिले के निघासन और सिंगाही क्षेत्र के करीब 33 लोग इस परियोजना में काम करने गए थे। अचानक आई इस तबाही के बाद खीरी जिले से एसडीएम भी वहां पहुंचे और लोगों की तलाश कराई। अधिकारियों का कहना है कि 29 लोग अभी भी लापता हैं।
काफी प्रयास के बाद भी ईन मजदूरों का पता नहीं चला है। इनको मृत घोषित करने की प्रक्रिया प्रशासन ने शुरू की है। डीएम शैलेंद्र सिंह ने इन सभी की सूची जारी की है। यह भी कहा है कि इनसे संबंधित अगर किसी को कोई जानकारी हो तो वह एसडीएम निघासन कार्यालय में दे सकता है। इसके बाद इन सभी व्यक्तियों के मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के लिए आख्या उत्तराखंड के एसडीएम को भेज दी जाएगी। मृत्यु प्रमाण पत्र वहीं से जारी होंगे। यह भी माना जा रहा है कि मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने के बाद ही इनके परिवारों को दैवीय आपदा राहत से आर्थिक मदद मिल सकती है।