UP Weather: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी-पानी के आसार, प्रयागराज में सबसे ज्यादा गर्मी
Weather Update उत्तर प्रदेश में विक्षोभ का असर अगले दो दिनों तक जारी रहेगा। रविवार तक पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा गरज-चमक और बारिश होने के आसार हैं।
जागरण संवाददाता, लखनऊ: प्रदेशभर में मौसम के अलग-अलग रुख नजर आ रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवा के साथ गरज चमक और बारिश हो रही है तो पूर्वी उत्तर प्रदेश में गर्म हवा के थपेड़े चल रहे हैं, जिससे तापमान बढ़ रहा है। रविवार तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी पानी के आसार जारी रहेंगे।
तेज हवा और बारिश के आसार
मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विक्षोभ का असर अगले दो दिनों तक जारी रहेगा। रविवार तक पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और बारिश होने के आसार हैं। वहीं, अन्य सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
गर्म हवा से तापमान में वृद्धि दर्ज की जा सकती है। हालांकि अभी भी अधिकतम तापमान सामान्य तक नहीं पहुंचा है। केरल में भी मानसून अब तक नहीं पहुंचा है।
सर्वाधिक तापमान प्रयागराज में
शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर की तेज धूप और गर्म हवा से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में पारा 40 डिग्री से पार दर्ज हुआ। सर्वाधिक तापमान प्रयागराज में 42 डिग्री और झांसी और वाराणसी में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं न्यूनतम तापमान में भी बढ़त जारी है। सबसे कम तापमान नजीबाबाद में 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।