प्रदेश में इस बार कांवड़ यात्रा में होगा प्लास्टिक मुक्ति का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों को प्लास्टिक के कप, प्लेट व चम्मच के स्थान पर पत्तल-दोने व मिट्टी के बर्तनों के उपयोग के लिए जागरूक किया जाए।
लखनऊ (जेएनएन)। प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर्यावरण को लेकर बेहद गंभीर है। प्लास्टिक बैन के बाद राज्य सरकार कांवड़ यात्रा-2018 के जरिये प्लास्टिक मुक्ति का खास संदेश देने की तैयारी में है।
सुरक्षा-व्यवस्था व अन्य सुविधाओं के साथ कांवड़ यात्रियों को स्वेच्छा से प्लास्टिक व पालीथिन को न कहने के लिए प्रोत्साहित करने पर फोकस होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों को प्लास्टिक के कप, प्लेट व चम्मच के स्थान पर पत्तल-दोने व मिट्टी के बर्तनों के उपयोग के लिए जागरूक किया जाए। गंगनहर कांवड़ यात्रा मार्ग पर हर पांच किलोमीटर पर विश्रामालय भी बनाए जाए। कांवड़ यात्रा 28 जुलाई को शुरू होगी, जो 26 अगस्त को पूरी होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्लास्टिक मुक्त कांवड़ यात्रा अभियान चलाने का निर्देश दिया है। लाल बहादुर शास्त्री भवन में कल कांवड़ यात्रा की तैयारियों व सुरक्षा-व्यवस्था की समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार व डीजीपी ओपी सिंह को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा वाले क्षेत्रों के थानाध्यक्ष कांवड़ समितियों के साथ बैठक जरूर कर लें और उन्हें क्या करें-क्या न करें के बाबत जरूरी संदेश जरूर दें। कांवड़ यात्रा के दौरान छद्म वेश में आने वाले असमाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और कांवड़ यात्रियों को अपने साथ पहचानपत्र जरूर रखने के लिए प्रेरित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा पूरे यात्रा मार्ग व मंदिरों की साफ-सफाई के खास बंदोबस्त हों। पर्यटन विभाग को शिवालयों की सजावट व बेहतर प्रकाश व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुर्घटनाओं के दृष्टिगत खास सतर्कता बरती जाए। सड़क किनारे ट्रक व अन्य भारी वाहन खड़े न रहे। रोडवेज बस चालकों व अन्य वाहनों के चालकों को यात्रा मार्ग पर धीमी गति में वाहन चलाने का निर्देश दिया जाए। यातायात की बेहतर व्यवस्था के साथ पार्किंग के पर्याप्त बंदोबस्त किए जाएं। धार्मिक व स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ समन्वय से कांवड़ यात्रियों के लिए पौष्टिक भोजन व पेयजल की व्यवस्था की जाए। इसका खास ध्यान रखा जाए कि कहीं खंभे में करंट उतरने जैसी कोई घटना न हो।
मेरठ में उत्तराखंड पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक कर बेहतर समन्वय रखा जाए। कांवड़ यात्रा के दौरान वाराणसी व मेरठ में फूलों की वर्षा भी की जाएगी। बैठक में प्रमुख रूप से मुख्य सचिव डॉ.अनूप चंद्र पांडेय, प्रमुख सचिव नगर विकास एमके सिंह, प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य प्रशांत त्रिवेदी सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी थे।
यह भी दिए खास निर्देश
- कांवड़ मार्ग पर एम्बुलेंस व डायल 100 के वाहन मुस्तैद रहें।
- कांवड़ यात्रियों के लिए मेडिकल सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था रहे।
- सीसीटीवी कैमरों के साथ ही ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की जाए।