विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आध्यात्म के साथ अब व्यापार में भी चमकेगी काशी, UP इंटरनेशनल ट्रेड शो में दुनिया देखेगी बनारसी हुनर

Published: Mon, 21 Sep 2026 12:48 AM (IST)

काशी के पारंपरिक हस्तशिल्प और आधुनिक उत्पाद ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले 'यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो' में वैश्विक मंच ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. काशी के हस्तशिल्प और आधुनिक उत्पाद वैश्विक मंच पर।

  2. यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 8 निर्यातकों का पंजीकरण।

  3. उद्यमियों को सीधे विदेशी खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। अध्यात्म और संस्कृति की धुरी मानी जाने वाली 'काशी' की पहचान अब केवल धर्म और परंपराओं तक सीमित नहीं है। बनारस का सदियों पुराना हस्तशिल्प और बुनकरी का हुनर अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी चमक बिखेरने को तैयार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने जा रहे 'यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो' (UPITS) में काशी की इसी समृद्ध विरासत और आधुनिक उत्पादों को एक बार फिर वैश्विक पटल पर प्रस्तुत किया जाएगा।

सरकार दे रही सब्सिडी, 8 निर्यातकों ने कराया पंजीकरण

जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र के अनुसार, 25 से 29 सितंबर तक चलने वाले इस ट्रेड शो में वाराणसी के 8 निर्यातकों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित करने के लिए पंजीकरण कराया है। इस मेगा इवेंट में काशी के पारंपरिक हस्तशिल्प और आधुनिक उत्पादों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। सहायक आयुक्त उद्योग केशव यादव के मुताबिक, योगी सरकार उद्यमियों को यह अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ इसमें हिस्सा लेने वाले निर्यातकों को विशेष सब्सिडी भी दे रही है, ताकि छोटे और मंझोले कारोबारियों को प्रोत्साहन मिल सके।

विदेशी खरीदारों को लुभाएंगे 'ॐ' मुद्रित योग शॉल और सिल्क ब्रोकेड

ट्रेड शो में काशी की प्राचीन आध्यात्मिक झलक को आधुनिक बाजार की जरूरतों के साथ खूबसूरती से पेश किया जाएगा। शिवम् आर्ट्स एक्सपोर्ट के निदेशक अभिषेक केशरी ने बताया कि उनकी ओर से खास तौर पर डिजाइन किए गए 'ॐ' और 'मंत्र' मुद्रित योग शॉल, स्कार्फ और गाउन प्रदर्शित किए जाएंगे। योग और ध्यान के अनुभव को आध्यात्मिक बनाने वाले इन परिधानों के अलावा सिल्क ब्रोकेड कुशन कवर, टेबल रनर, वाल हैंगिंग और आकर्षक बेड कवर भी रखे जाएंगे, जो पारंपरिक परिधान और होम डेकोर के शौकीनों के लिए मुख्य आकर्षण होंगे।

100 प्रतिशत रिसाइकिल उत्पादों से दिखेगी काशी की आधुनिक तस्वीर

हस्तशिल्प के अलावा काशी के औद्योगिक और पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों का भी शो में दबदबा रहेगा। आर.ए.एस पॉलीटेक्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा लगभग 100 प्रतिशत रिसाइकिल पी.पी. कपड़े से तैयार किए गए 'एफ.आई.बी.सी' (जंबो बैग या बल्क बैग) और मल्टीफिलामेंट यार्न प्रदर्शित किए जाएंगे। ये बैग्स औद्योगिक वस्तुओं के सुरक्षित भंडारण और परिवहन के लिए दुनिया भर में इस्तेमाल किए जाते हैं, जो यह साबित करते हैं कि काशी अब आधुनिक औद्योगिक उत्पादन में भी पीछे नहीं है।

बिचौलियों से मिलेगी मुक्ति, सीधे विदेशी खरीदारों से जुड़ेंगे उद्यमी

इस ट्रेड शो को लेकर उद्यमियों में खासा उत्साह है। आर.ए.एस पॉलीटेक्स के डायरेक्टर आर.के. चौधरी का कहना है कि पिछले वर्ष इस शो से उन्हें शानदार व्यापार मिला था, जिसके चलते वे इस बार भी हिस्सा ले रहे हैं। वहीं, पहली बार शामिल हो रहे 'असरार अहमद साड़ीज़' के निदेशक असरार अहमद ने बताया कि इस प्लेटफॉर्म से स्टॉल किफायती दरों पर मिल रहे हैं और सबसे बड़ा फायदा यह है कि खरीदारों से सीधे संपर्क होगा। बिचौलियों के न होने से काशी के उद्यमियों को अधिक मुनाफा होगा और उनके उत्पाद सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच सकेंगे।