कनिका कपूर की रिपोर्ट नार्मल, अगले सप्ताह डोनेट करेंगी प्लाज्मा
लखनऊ में प्लाज्मा थेरेपी के बाद मरीज की हालत में आ रहा सुधार अगले सप्ताह बालीवुड सिंगर कनिका कपूर प्लाज्मा डोनेट करेंगी।
लखनऊ, जेएनएन। बॉलीवुड सिंगर कनिका की जांचें सामान्य आईं हैं। उनका कोरोना टेस्ट भी निगेटिव आया। ऐसे में अब वह अगले सप्ताह प्लाज्मा दान करेंगी। यह जानकारी उन्होंने केजीएमयू को दी। सिंगर कनिका कपूर में 19 मार्च को कोरोना की पुष्टि हुई थी। इससे पहले शहर में उन्होंने कई पार्टियां कीं। ऐसे में शहर से लेकर दिल्ली तक हड़कंप मचा। छह अप्रैल को वह पीजीआइ से डिस्चार्ज हुईं। वहीं अब उन्होंने प्लाज्मा दान करने का फैसला किया है।
बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर हेल्थ टेस्ट में पास हो गई हैं। उनकी सभी जांचें सामान्य आई हैं। वहीं, कोरोना के खिलाफ शरीर में एंटीबॉडी भी मिली है। लिहाजा, अब वह प्लाज्मा दान कर सकती हैं। केजीएमयू ने इसकी हरी झंडी दे दी है। कनिका में 19 मार्च को कोरोना की पुष्टि हुई थी। छह अप्रैल को वह पीजीआइ से डिस्चार्ज हुईं। अब सबकुछ ठीक होने पर पुलिस भी उनसे पूछताछ करेगी। वहीं, छवि को सुधारने के लिए कनिका अब प्लाज्मा दान कर संदेश देना चाहती हैं।
ब्लड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की अध्यक्ष डॉ.तूलिका चंद्रा के मुताबिक कनिका के स्वैब सैंपल से कोरोना का टेस्ट निगेटिव मिला है। वहीं ब्लड सैंपल से कोरोना के खिलाफ शरीर में एंटीबॉडी की जांच की गई। टेस्ट में कनिका में एंटीबॉडी मौजूद मिली हैं। इसके अलावा एचआइवी, हेपेटाइटिस बी, हेपेटाइटिस सी, ब्लड काउंट, सीरम प्रोटीन आदि जांचें सामान्य आई हैं। ऐसे में वह अब प्लाज्मा दान कर सकती हैं। मगर, उन्होंने अगले सप्ताह प्लाज्मा दान करने का फैसला किया है। उधर, आइसोलेशन वार्ड में भर्ती प्लाज्मा थेरेपी के मरीज में सुधार आया है। उनके धीरे-धीरे वेंटिलेटर का सपोर्ट कम किया जा रहा है।