यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 20, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Kamlesh Tiwari Murder: मां बोली, 'भाजपा नेता ने कराई बेटे की हत्या' Lucknow News
कमलेश तिवारी की मां कुसुमा ने कहा सपा कार्यकाल में फतवा जारी था पर कोई उंगली नहीं उठा सका। योगी ...और पढ़ें

लखनऊ, जेएनएन। कमलेश तिवारी की मां कुसुमा बेटे की हत्या के बाद न केवल पुलिस की कार्यशैली से खफा हैं बल्कि सरकार को भी कठघरे में खड़ा कर दिया है। कुसुमा ने शनिवार को शव की अंत्येष्टि से ठीक पहले सीतापुर के महमूदाबाद निवासी भाजपा नेता शिवकुमार गुप्ता पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया। बोलीं, जमीन विवाद में शिवकुमार ने उनके बेटे की हत्या कराई है।
गौरतलब है कि शिवकुमार गुप्ता की बहू मधू गुप्ता सीतापुर की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। कुसुमा के बयान के बाद शिव कुमार ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक विरोधियों की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि कमलेश तिवारी ने मंदिर के एक कार्यक्रम में बुलाकर उन्हें सम्मानित किया था। यूपी सरकार की सबसे बड़ी संस्था इस मामले की जांच कर रही है। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
इससे पहले कुसुमा ने शुक्रवार को खुर्शेदबाग स्थित आवास पर राज्य सरकार पर संगीन आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि 2015 में सपा शासनकाल में उनके बेटे के खिलाफ फतवा जारी हुआ था। तब अखिलेश मुख्यमंत्री थे और आजम खां मंत्री। अब जब योगी सरकार है तो मेरे बेटे की हत्या करवा दी गई। मैं मुख्यमंत्री से इसका जवाब मांगती हूं। सीएम से पूछती हूं, मुझे इंसाफ चाहिए।
जबरदस्ती भेजा सीतापुर, जबरन कराया अंतिम संस्कार
लखनऊ पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कुसुमा बोलीं, कमलेश के साथ जो गनर रहता था वह कहां था। आखिर उसने क्यों नहीं की सुरक्षा? हत्यारे मारकर चले गए। हत्या के काफी देर बाद तक पुलिसवाले नहीं आए। मैं नहीं चाहती थी कि शव सीतापुर भेजा जाए, लेकिन पुलिस प्रशासन ने जबरदस्ती किया। उनका व्यवहार मुझसे सहन नहीं हो रहा था। मैं मुख्यमंत्री से जवाब मिलने तक शव का अंतिम संस्कार नहीं करने देना चाहती थी, लेकिन पुलिसवालों ने मेरे पोते और बहू से अभद्रता की। कुसुमा ने कहा कि मेरा बेटा कोई आतंकवादी या चोर नहीं था, जिससे मेरा सिर नीचा होता। एक बेगुनाह को क्यों मरवा दिया? जबरन शव का अंतिम संस्कार करवाया गया। सरकार से जवाब चाहिए।
बेटा बोला, प्रशासन पर भरोसा नहीं
कमलेश के पुत्र सत्यम को प्रशासन पर भरोसा नहीं है। उन्होंने हत्यारों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज से पकड़े गए लोगों के चेहरों की मिलान कराने की बात कही। सत्यम ने कहा कि हमें प्रशासन के ऊपर भरोसा नहीं है। एनआइए से जांच कराई जाए।
