Move to Jagran APP

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में बोले जेपी नड्डा- छोटे दिल वाले नहीं संभाल सकते इतना बड़ा उत्तर प्रदेश

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति का वर्चुअल उद्घाटन करते हुए जेपी नड्डा ने उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक-राजनीतिक महत्व का उल्लेख करते हुए कि यह प्रदेश आज विकास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नुकसान का न पता हो तो फायदे का अहसास भी नहीं होता।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Fri, 16 Jul 2021 02:25 PM (IST)Updated: Fri, 16 Jul 2021 05:03 PM (IST)
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में बोले जेपी नड्डा- छोटे दिल वाले नहीं संभाल सकते इतना बड़ा उत्तर प्रदेश
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का दिल्ली से वर्चुअल उद्घाटन किया।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। 'भाजपा के सत्ता में आने से क्या सकारात्मक फर्क पड़ा?' इसे तथ्यात्मक रूप से कार्यकर्ताओं को समझाते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जनता को भी यह अहसास दिलाने का मूलमंत्र दिया है। पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का दिल्ली से ही वर्चुअल उद्घाटन करते हुए उन्होंने मिशन-2022 के लिए पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का तरकश तथ्यों से सजाया। कोरोना से जंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस शासनकाल की खामियां भी गिनाईं। वहीं, बिना किसी का नाम लिए भाजपा की वैक्सीन वाले बयान पर सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तंज कसा कि इतने छोटे दिल वाले इतना बड़ा उत्तर प्रदेश कैसे संभाल सकते हैं।

loksabha election banner

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रदेश कार्यसमिति का वर्चुअल उद्घाटन करते हुए जेपी नड्डा ने उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक-राजनीतिक महत्व का उल्लेख करते हुए कि यह प्रदेश आज विकास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नुकसान का न पता हो तो फायदे का अहसास भी नहीं होता। कार्यकर्ताओं को यह समझना और जनता को समझाना होगा कि कैसे यूपी तुष्टिकरण की राजनीति के जाल में फंसा था। जाति-धर्म के आधार पर सत्ता का दुरुपयोग किसी एक समाज को फायदा पहुंचाया जाता था। प्रदेश भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और अनाचार का अड्डा बन गया था। वहीं प्रदेश बीते चार वर्ष में अग्रणी राज्यों में से एक हो गया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जिला पंचायत और ब्लाक प्रमुख चुनाव में बंपर जीत के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि सपा-बसपा को सिरे से नकारकर जनता ने हमें काम करने का संदेश दिया है। हमें जिम्मेदारी समझते हुए पूरी ताकत से जुटना होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कोरोना की पहली और दूसरी लहर में दुनिया के समृद्ध और विकसित देशों की तुलना भारत से करते हुए कार्यकर्ताओं को समझाया कि कैसे सबसे अधिक 130 करोड़ आबादी होने के बावजूद मोदी सरकार ने कैसे कोविड प्रबंधन किया। संसाधनों को सीमित समय में कई गुना बढ़ाकर कोरोना को काबू किया। आक्सीजन की जरूरत से ज्यादा मांग और ओछी राजनीति का जिक्र कर बिना नाम लिए आम आदमी पार्टी को आड़े हाथों लिया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने याद दिलाया कि कैसे प्रधानमंत्री ने गत दिवस काशी में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के काम की तारीफ की। यहां लगे रहे आक्सीजन प्लांट का जिक करते हुए जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से अपेक्षा जताई कि अस्पतालों में जाएं, प्लांट लगवाने की प्रक्रिया से जुड़ें। फिर मोदी सरकार के काेविड प्रबंधन पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए बोले कि टीबी की दवा जब दुनिया में पहुंच गई, उसके बाद भारत में आई। चिकनपाक्स, स्मालपाक्स यहां सबसे बाद में खत्म हो गया। इसी तरह दुनिया से जब पोलियो खत्म हो गया, तब हमारे देश में अभियान शुरू हुआ। यह है कांग्रेस के शासनकाल की सच्चाई, जबकि मोदी ने मात्र नौ माह में दो-दो वैक्सीन देश को दे दीं। फिर बिना समाजवादी पार्टी या अखिलेश यादव का नाम लिए इशारों में बोले कि उत्तर के नेता ने तो वैक्सीन भाजपा की बता दी थी। बाद में उनके पिताजी ने वैक्सीन लगवाई तो कुछ बदले। इस तरह के बयानों से उन्होंने अपना स्तर बता दिया। जिसकी सोच और दिल इतना छोटा हो, वह इतना बड़ा उत्तर प्रदेश कैसे संभाल सकता है।

सरकार और जनता के बीच सेतु बनेगा संगठन : भाजपा की चुनावी रणनीति यही है कि सरकार और जनता के बीच संगठन सेतु बनकर काम करेगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, स्वामित्व योजना, आयुष्मान भारत योजना, स्ट्रीट वेंडरों के लिए आर्थिक मदद की योजना की उपलब्धियों को तथ्यों से सहित बताकर कार्यकर्ताओं का आव्हान किया कि इन योजनाओं के लाभ जनता को बताएं और आखिरी व्यक्ति तक को दिलाएं। हर व्यक्ति का टीकाकरण कराने की जिम्मेदारी भी कार्यकर्ताओं को दी है।

अब न यूपी बीमारू राज्य, न चार वर्ष में कोई दंगा : प्रधानमंत्री मोदी की तरह ही पार्टी अध्यक्ष नड्डा ने भी योगी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उत्त्तर प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था। मध्यप्रदेश, बिहार, राजस्थान भी इसमें शामिल थे। बीमारू के 'यू' का मतलब उत्तर प्रदेश ही था। मगर, बीते चार वर्ष में योगी के नेतृत्व में यूपी ईज आफ डूइंग बिजनेस में दूसरे स्थान पर आ गया। वहीं, यूपी में बच्चा पैदा होता था तो एक ही शब्द जानता था कफ्यूज। मुजफ्फरनगर सहित कई दंगे जनता को याद हाेंगे, लेकिन चार वर्ष में यहां कोई दंगा नहीं हुआ। एक्सप्रेस और यूपी का कोई मेल नहीं था, लेकिन आज एक्सप्रेसवे वे बन रहे हैं, एयर कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है। यूपी इनवेस्टमेंट डेस्टिनेशन बन रहा है।

यह भी रहे शामिल : दिल्ली के मंच पर केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्र नाथ पांडेय, स्मृति ईरानी और राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह थे। वहीं, प्रदेश मुख्यालय से अतिथियों का स्वागत प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने किया। मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी थे। संचालन प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर ने किया।

यह भी पढ़ें : भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- कोरोना काल में हम जनहित के कार्यों में और विपक्ष बयानबाजी में रहा व्यस्त


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.