मजाक-मजाक में मेरठ में बवाल, पथराव व लाठीचार्ज
लखनऊ। मजाक-मजाक से शुरू युवकों की रार दो संप्रदाय के लोगों को आमने-सामने ले आई। पुलिस
लखनऊ। मजाक-मजाक से शुरू युवकों की रार दो संप्रदाय के लोगों को आमने-सामने ले आई। पुलिस के सामने ही दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो बवालियों ने पथराव किया। मौके पर डीएम और एसएसपी ने दोनों समुदाय के लोगों को समझाकर आपस में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
लालकुर्ती के जामुन मोहल्ले में धार्मिकस्थल के बाहर विशेष समुदाय के दो युवक खड़े थे। तभी उनके पास आकर एक अन्य युवक सिगरेट जलाने लगा। सिगरेट जलाने के बाद मजाक में माचिस की तिल्ली विशेष समुदाय के गाल पर लगा दी। उसने विरोध करने पर माचिस से धार्मिकस्थल को जलाने की धमकी दे डाली। बात बढ़ने पर दोनों युवकों ने उसकी पिटाई कर दी। फिर उसने अपने साथियों को बुलाकर समुदाय विशेष के दोनों युवकों को पीटा। बाद मामले की जानकारी दोनों समुदाय के लोगों को लगी तो वे आमने-सामने आ गए। तभी पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों समुदाय के लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के सामने एक समुदाय के लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। करीब तीस मिनट तक दोनों ओर से पथराव चला। पथराव शुरू होते ही पुलिस ने लाठी भाजनी शुरू कर दी। इसके बाद तो बवालियों ने पुलिस के ऊपर ही पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पुलिस ने बवालियों को गलियों के अंदर तक दौड़ाकर घरों में घुसा दिया। तब जाकर माहौल शांत हुआ। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया। डीएम पंकज यादव और एसएसपी ओंकार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। दोनों समुदाय के मुख्य लोगों को बुलाकर शांति व्यवस्था बनाने के लिए वार्ता शुरू की गई। तनाव के मद्देनजर जामुन मोहल्ले में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। देर रात तक किसी भी और से मामले की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई। एसएसपी ओंकार सिंह ने बताया कि स्थिति पूरी तरह से काबू में है। सुरक्षा के मद्देनजर फोर्स तैनात कर दी गई है।