'मुंह खोल दिया तो यूपी में खड़े नहीं हो पाएंगे', अखिलेश के 73 सीटों वाले तंज पर जयंत चौधरी का पलटवार
विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव और जयंत चौधरी के बीच जुबानी जंग व्यक्तिगत आक्षेपों तक पहुंच गई है। अखिलेश ...और पढ़ें

HighLights
अखिलेश यादव और जयंत चौधरी के बीच विधानसभा चुनाव से पहले जुबानी जंग।
अखिलेश के 73 सीटों वाले तंज पर जयंत चौधरी का तीखा पलटवार।
जयंत ने चेतावनी दी, मुंह खोला तो अखिलेश यूपी में खड़े नहीं होंगे।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। विधान सभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयन्त चौधरी के बीच जुबानी जंग व्यक्तिगत आक्षेपों तक पहुंचती नजर आ रही है। अखिलेश ने जहां जयंत को चवन्नी से रुपया बनाने और राजनीति की एबीसीडी सिखाने की बात कही थी, वहीं जयन्त ने चौधरी चरण सिंह की पाठशाला से मुलायम सिंह के राजनीति सीखने व सपा को जी फार गन्ना और जे फार जाट में उलझाने की बात कही थी।
अब यह जंग मुंह खोलने की धमकी तक पहुंच गई है। पिछले दिनों अखिलेश ने तंज कसा था कि रालोद को एनडीए गठबंधन में 73 सीटें मिलेंगी, तभी माना जाएगा कि गठबंधन ने चौधरी साहब का सम्मान रखा। इस पर भड़के जयन्त ने आगाह किया कि ‘सपा प्रमुख हल्की बातें कर रहे हैं। अगर मैंने मुंह खोल दिया तो वो यूपी में खड़े नहीं हो पाएंगे।’
यह भी कहा कि सीटों के मिलने और मिलने से चौधरी साहब के सम्मान पर कोई फर्क नहीं पड़ता है। रालोद को एक भी सीट न मिले, तब भी चौधरी साहब का सम्मान कम नहीं होने वाला। वह सबके दिलों में हैं।
जयन्त ने यूपी में सीटों के बंटवारे पर दिल्ली में पत्रकारों के सवाल का उत्तर देते हुए कहा कि हम यूपी और उत्तराखंड दोनों जगह लड़ेंगे लेकिन एनडीए के सभी घटक दलों की एक लड़ाई होगी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश को लेकर पूछे प्रश्न पर उन्होंने 2022 विधान सभा चुनाव के दौरान सपा-रालोद के गठबंधन की याद दिलाई। कहा कि साझेदारी की सारी बातें नहीं बताई जाती हैं।
