अखिलेश-जयंत मुलाकातः रालोद ने सवर्ण आरक्षण को भाजपा का चुनावी जुमला बताया
ऱालोद नेता जयंत चौधरी ने सवर्ण आरक्षण को भाजपा का चुनावी जुमला बताते हुए सीबीआइ और अन्य संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
लखनऊ, जेएनएन। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) नेता जयंत चौधरी गुपचुप तरीके से लखनऊ में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से मिलने पहुंचे। सपा दफ्तर में जयंत चौधरी ने अखिलेश से बंद कमरे में करीब पौन घंटा बातचीत की। उन्होंने सवर्ण आरक्षण को भाजपा का चुनावी जुमला बताते हुए सीबीआइ और अन्य संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
वेस्ट यूपी में रालोद की पकड़ अच्छी
महागठबंधन की कोशिशों को देखते रालोद उपाध्यक्ष की इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। राष्ट्रीय लोकदल की पश्चिम उत्तर प्रदेश की कई सीटों पर अच्छी पकड़ मानी जाती है। लोकसभा उपचुनाव के दौरान रालोद की तबस्सुम हसन ने कैराना सीट भाजपा से छीनी थी। उल्लेखनीय है कि सपा और बसपा के बीच गठबंधन में राष्ट्रीय लोकदल अहम हिस्सा है। पिछले दिनों सपा प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती के बीच मुलाकात में गठबंधन की सीटों के बंटवारे को लेकर खबरें आम हुई थीं। इसमें राष्ट्रीय लोकदल को गठबंधन में 2 से 3 सीटें दिए जाने की बात सामने आई थी।
भाजपा ने ध्वस्त की व्यवस्थाएं
मुलाकात के बाद जयंत चौधरी ने कहा कि अखिलेश के साथ बातचीत के दौरान अच्छे माहौल में राजनीतिक परिस्थितियों, भाजपा की नाकामियों और देश की दशा-दिशा पर चर्चा हुई है। आगे क्या होना चाहिए इस पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा का एजेंडा ही रहता है कि वह मुद्दों का हल निकाले बिना छोड़ छोड़ देती है। किसी घोषणा का क्रियान्वयन नहीं होना है। सीबीआइ, ज्यूडिशरी, मीडिया जैसी तमाम संस्थाओं को चलाने के लिए जिस लोकतंत्र और हिम्मत की आवश्यकता थी उन सभी व्यवस्थाओं को भाजपा ने ध्वस्त कर दिया है।