उत्तर प्रदेश में बड़ा निवेश करेगा जापान, निवेश के लिए फिर आएगा निवेशकों का दल
UP Invest: ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर के बीच आयोजित उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के समापन के ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश के दौरे पर बीते दिनों आए जापानी निवेशकों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
HighLights
विभिन्न क्षेत्रों में औद्योगिक निवेश को होगा करार
मुख्यमंत्री ने फरवरी में जापान दौरे में किया था आमंत्रित
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जापान विभिन्न क्षेत्रों में औद्योगिक निवेश करेगा। जापानी निवेशकों का दल एक माह के भीतर ही औद्योगिक निवेश को लेकर दूसरी बार उत्तर प्रदेश के दौरे पर आएगा। निवेशकों का पहला दौरा उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने और भारत-जापान के व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना गया है।
ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर के बीच आयोजित उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के समापन के बाद जापानी निवेशकों के दल के उत्तर प्रदेश के दौरे पर आने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इससे पहले पिछली 18 से 23 अगस्त तक 100 से ज्यादा जापानी निवेशकों का दल उत्तर प्रदेश के दौरे पर आया था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसी वर्ष 22 से 26 फरवरी को सिंगापुर व जापान का दौरा किया था। इस दौरे में 25 व 26 फरवरी को मुख्यमंत्री की बैठकें जापानी निवेशकों के साथ हुई थी। दौरे में करीब 4.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश को लेकर विभिन्न कंपनियों के साथ करार किया गया था।
मुख्यमंत्री ने इस दौरे में जापानी निवेशकों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया था और उन्हें सरकार द्वारा विदेशी निवेशकों को निवेश पर दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी थी। इसके बाद जापानी निवेशकों का प्रतिनिधिमंडल पिछले माह उत्तर प्रदेश के दौरे पर आया था। इस दौरान नई दिल्ली, नोएडा, लखनऊ व वाराणसी सहित विभिन्न क्षेत्रों में जापानी निवेशकों को निवेश की संभावनाओं के मद्देनजर भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।
इस दौरे में जापानी निवेशकों ने आटोमोबाइल के अलावा पर्यटन, हरित ऊर्जा, सेमी कंडक्टर, ग्रीन हाईड्रोनजन, इलेक्ट्रानिक्स, फार्मा व वैश्विक क्षमता केंद्र के क्षेत्र में निवेश में रुचि दिखाई थी। इन क्षेत्रों से संबंधित राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी लेने के बाद एक बार के भीतर जापानी निवेशकों के होने वाले इस दौरे को अहम माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इस दौरे में बड़े निवेश को लेकर करार किए जाएंगे।
