रंग लायी शनिवार को विद्यार्थियों के पासपोर्ट की विशेष व्यवस्था की पहल, 49 जिलों के युवाओं ने उठाया लाभ
Passport Work on Saturday in UP: पासपोर्ट सेवा केंद्रों पर शनिवार को करीब तीन हजार युवाओं ने पासपोर्ट आवेदन की अपनी प्रक्रिया को पूरा किया।

लखनऊ सहित प्रदेश के चारों पासपोर्ट सेवा केंद्रों और पोस्ट आफिस पासपोर्ट सेवा केंद्रों पर प्रक्रिया को पूरा किया गया।
HighLights
तीन हजार युवाओं ने छुट्टी के दिन पूरी की पासपोर्ट प्रक्रिया
विद्यार्थी, शोध व अन्य शैक्षणिक कार्य के लिए बाहर जाने वाले युवाओं की भीड़
जागरण संवाददाता, लखनऊ : विद्यार्थियों, शोध व अन्य शैक्षणिक कार्य के लिए बाहर जाने वाले युवाओं के लिए पासपोर्ट विभाग की पहल रंग लायी। शनिवार को अवकाश के दिन भी लखनऊ सहित प्रदेश के चारों पासपोर्ट सेवा केंद्रों और पोस्ट आफिस पासपोर्ट सेवा केंद्रों पर पासपोर्ट आवेदन के बाद की प्रक्रिया को पूरा किया गया। अब संबंधित थाने से रिपोर्ट लगने के बाद इन युवाओं के पासपोर्ट जारी हो जाएंगे।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ ने अपने अधीन आने वाले 49 जिलों के युवाओं को वैश्विक अवसरों से जोड़ने, उच्च शिक्षा, शोध, प्रशिक्षण एवं रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलने के उद्देश्य से पासपोर्ट फस्ट अपारच्युनिटी नेक्स्ट अभियान की शुरुआत की है।
अभियान के तहत शनिवार को अवकाश के दिन का अपाइंटमेंट लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर एवं वाराणसी के लिए खोला गया था। इन पासपोर्ट सेवा केंद्रों पर शनिवार को करीब तीन हजार युवाओं ने पासपोर्ट आवेदन की अपनी प्रक्रिया को पूरा किया।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ज्ञानवीर सिंह ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को समय रहते पासपोर्ट बनवाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे भविष्य में उच्च शिक्षा, शोध, प्रशिक्षण, शैक्षणिक आदान-प्रदान, रोजगार तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय अवसरों का लाभ उठाने के लिए तैयार रह सकें।
