रेल कर्मचारियों के लिए खुशखबरी: 6 दिन पहले ही तैयार हो गया वेतन, आज खातों में हो जाएगा क्रेडिट
रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों को इस बार बैंक हड़ताल के कारण तय समय से छह दिन पहले वेतन मिलेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
बैंक हड़ताल के कारण रेलवे कर्मचारियों को मिलेगा अग्रिम वेतन।
लखनऊ सहित सभी रेल मंडलों में वेतन बिल तैयार कर भेजा गया।
शुक्रवार को ही रेलकर्मियों के खातों में वेतन क्रेडिट होगा।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों के बैंक खातों में उनके वेतन के क्रेडिट होने का एसएमएस इस बार छह दिन पहले ही आ जाएगा।
रेलवे ने बैंको की राष्ट्रीय स्तर पर तीन दिनों की हड़ताल को देखते हुए अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को तय तिथि से पहले वेतन देने का आदेश दिया है।
गुरुवार को लखनऊ सहित देश के सभी रेल मंडलों, उत्पादन इकाईयों, वर्कशाप व अन्य संस्थानों में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों का एडवांस वेतन तैयार हो गया है। वेतन स्लिप को रेलवे के वित्त अनुभाग ने अपने-अपने मंडलों में स्वीकृति देकर उसे संबंधित बैंकों को भेज दिया है। अब शुक्रवार को यह बैंक रेलकर्मियों और अधिकारियों के खातों में वेतन क्रेडिट कर देंगे।
रेलवे में हर माह अधिकारियों व कर्मचारियों का वेतन 25 से 28 तारीख को तैयार होता है। वेतन तैयार होने के बाद उसे रेलवे के वित्त अनुभाग को भेजा जाता है। वित्त अनुभाग में देय वेतन, भत्तों की जांच के बाद उसे स्वीकृत कर भुगतान वाउचर संबंधित बैंकों को जारी किया जाता है।
इस पर ही माह की पहली तारीख को कर्मचारियों और अधिकारियों का वेतन क्रेडिट हो जाता है। इस बार 28 से 30 सितंबर तक बैंकों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल है। अंतिम शनिवार को भी बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में शुक्रवार को बैंकों में अंतिम कार्यदिवस रहेगा।
इसे देखते हुए रेलवे बोर्ड के निदेशक स्थापना पीयूष कापासी ने बुधवार को सभी जोनल रेलवे को आदेश जारी किया था। आदेशशें गुरुवार तक रेलकर्मियों और अधिकारियों के वेतन तैयार कर उसे वित्त अनुभाग को स्वीकृत कराने के आदेश दिए गए थे। इसे देखते हुए गुरुवार को एडवांस वेतन का बिल तैयार कर उसे स्वीकृत करा लिया गया है।
