सीतापुर में महिला को तालिबानी सजा, दबंगों ने सरेराह बेरहमी से पीटा; देखें वीडियो
अटरिया इलाके के एक गांव का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ दबंग एक महिला को सरेआम रास्ते में गिराकर पीटते नजर आ रहे हैं। महिला के परिवारजन लोगों से उसे बचाने की गुहार लगा रहे हैं लेकिन कोई व्यक्ति आगे नहीं आया।
सीतापुर, जागरण संवाददाता। अटरिया इलाके के एक गांव का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ दबंग एक महिला को सरेआम रास्ते में गिराकर पीटते नजर आ रहे हैं। महिला के परिवारजन लोगों से उसे बचाने की गुहार लगा रहे हैं लेकिन, कोई भी व्यक्ति आगे नहीं आया। महिला को इलाज के लिए सिधौली सीएचसी में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पीड़ित का दावा है कि सामूहिक दुष्कर्म की नियत से आरोपितों ने उसके साथ बदसलूकी की थी। मां ने विरोध किया तो उसे मारपीट कर जख्मी कर दिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की बात कही है।
इस घटना के संबंध में पीड़ित महिला ने अटरिया थाने में तहरीर दी है, जिसमें कहा गया है कि वह खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान गांव के तीन लोग वहां आ गए। उन्होंने महिला और उसकी मां को घेर लिया। आरोप है कि तीनों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश की। उसके कपड़े भी फाड़ दिए। मां ने विरोध किया तो उसे मारापीटा। आरोप है कि खुरपा और बांके से भी प्रहार किए गए और नाजायज असलहा भी लहराया। पीड़ित पक्ष ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। यही नहीं, घायल बुजुर्ग महिला को इलाज के लिए सिधौली सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
दबंगों की दहशत, कोई नहीं गया बचानेः वायरल वीडियो में दबंग महिला को पीटते दिखाई दे रहे हैं, वहीं एक ठेलिया चालक उसी रास्ते से निकल रहा है। परिवारजन चिल्लाकर मदद मांग रहे हैं लेकिन, न तो ठेलिया चालक न कोई और मौके पर बुजुर्ग महिलाक को बचाने गया।
एसओ अटरिया का नहीं उठा फोनः इस मामले में एसओ अटरिया अवध राज सेंगर से सीयूजी पर संपर्क साधने की कोशिश की गई। उन्होंने काल रिसीव नहीं किया।
पुलिस ने ट्विटर हैंडल पर दी जानकारीः इस मामले में सीतापुर पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल पर बताया है कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपित को हिरासत में लेने की भी बात बताई है।
महिला को 'तालिबानी सजा'
सीतापुर के अटरिया का यह वीडियो दबंगों की करतूत बताने के लिए काफी है। दबंग सरेआम महिला को रास्ते पर गिराकर पीटते रहे और परिवारजन बचाने की गुहार लगाते रहे। कोई बचाने नहीं आया। @shaminaaaa @sitapurpolice
Video : Internet Media pic.twitter.com/jvb1ky4mqR— Govind Mishra (@GovindMishra_dj) November 2, 2021