कोरोना संक्रमण में नौकरी गई तो तीन महीने तक घर बैठे मिलेगा आधा वेतन
लखनऊ में कर्मचारी राज्य बीमा निगम में पजीकृत श्रमिकों को नौकरी जाने पर मिलेगा आधे वेतन का लाभ। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार की अधीन कर्मचारी राज्य बीमा निगम में पंजीकृत श्रमिकों को अटल बीमित व्यक्ति कल्याण योजना के तहत तीन महीने तक आधा वेतन मिलेगा।
लखनऊ, जेएनएन। कोरोना संक्रमण काल में सबसे ज्यादा प्रभाव श्रमिकाें पर पड़ा है। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार की अधीन कर्मचारी राज्य बीमा निगम में पंजीकृत श्रमिकों को अटल बीमित व्यक्ति कल्याण योजना के तहत तीन महीने तक आधा वेतन मिलेगा। श्रमिक संघ समन्वय समिति व कर्मचारी राज्य बीमा निगम के सदस्य एसपी तिवारी ने यह जानकारी दी। वह मंगलवार को कानपुर रोड के राज्य कर्मचारी बीमा अस्पताल में श्रमिकों को इसकी जानकारी दे रहे थे।
उन्होंने कहाकि केंद्र सरकार व राज्य सरकार श्रमिकों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहती। बस आपको थोड़ा जागरूक होने की आवश्यकता है। श्रमिकों काे इसका लाभ मिल सके इसके लिए शाखा कार्यालयों पर हेल्प डेस्क भी बनाई गई है। ऐसे श्रमिक जिनकी नौकरी 31 दिसंबर 2020 तक जाने वाली है या चली गई है, उसे यह राहत राशि का भुगतान किया जाएगा। इसके लिए श्रमिक 30 जून 2021 तक आवेदन कर सकते हैं। अब तक 130 ऑनलाइन दावे आए हैं और उनमे से 23 की हार्डकाॅपी शाखाओं में पहुंच गई है। उनमे से 17 को भुगतान की तैयारी की जा रही है। उन्होंने अस्पताल की सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संकट की इस घड़ी मेें इलाज की समुचित सुविधा भी बीमा अस्पताल में मिल रही है। अस्पताल में 212 कोरोना संक्रमित श्रमिकों का इलाज कर उन्हें नया जीवन दिया गया। 180 बेड के अस्पताल व ट्रामा सेंटर में वर्तमान में 75 बेड पर मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। कैशलेस रेफर की व्यवस्था के साथ ही बीमित कर्मचारियों के लिए 24 घंटे आपातकालीन सुविधा भी उपलब्ध है। सभी तरह की जांच के साथ ही बीमित कर्मचारियों की कोरोना जांच की सुविधा भी है।
बीमा अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ.पीएल पटेल, उप निदेशक सुनील यादव व सहायक निदेशक सनत कुमार विश्वास ने चिकित्सा सुविधाओं और श्रमिकों के हितलाभ योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।