बर्न के मरीजों के अब जल्द भरेंगे घाव, KGMU में हाइपर बेरिक ऑक्सीजन थेरेपी यूनिट होगी शुरू
केजीएमयू के प्लास्टिक सर्जरी विभाग में हाइपर बेरिक ऑक्सीजन थैरेपी से होगा इलाज। जल्द होगा उद्घाटन मरीजों को मिलेगी राहत।
लखनऊ, जेएनएन। बर्न के मरीजों के घाव अब जल्द भर जाएंगे। उन्हें घाव में हो रहे रिसाव के कारण तड़पना नहीं पड़ेगा। इन्फेक्शन भी फैलने का खतरा कम होगा। केजीएमयू में हाइपर बेरिक ऑक्सीजन थेरेपी यूनिट शुरू होने जा रही है। इससे मरीजों का इलाज आसानी से हो सकेगा। इस यूनिट का उद्घाटन जल्द करने की तैयारी की जा रही है।
केजीएमयू के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के अध्यक्ष प्रो. एके सिंह ने बताया कि इस मशीन के माध्यम से मरीज के शरीर के सभी अंगों को पर्याप्त आक्सीजन सप्लाई की जाती है। ऐसे में उन अंगों में जहां आक्सीजन पहुंचने में दिक्कत है वह आराम से पहुंच जाती है। इसमें हाई प्रेशर में आक्सीजन शरीर में प्रवेश करवाई जाती है। ऐसा तब किया जाता है जब दवाओं का असर जब कम होता। फिलहाल इस इससे मरीज के शरीर के घाव जल्द भरेंगे। आमतौर पर काफी ज्यादा जले हुए मरीजों के घाव भरने में दिक्कत होती है। कई बार उन्हें काफी कठिनाई उठानी पड़ती है।
इस हाइपर बेरिक ऑक्सीजन थैरेपी में मरीज को एक चैंबर में एक टेबल पर लिटाया जाता है। फिर इसमें आक्सीजन की सप्लाई से मरीज सांस लेता है। चैंबर में आक्सीजन का दबाव धीरे-धीरे बढ़ा दिया जाता है। यह थैरेपी एक चिकित्सा उपचार है। इसमें जब व्यक्ति के शरीर में 100 प्रतिशत आक्सीजन पहुंचती है तो शरीर की प्राकृतिक उपचार प्रक्रिया को बढ़ाती है। फिलहाल मरीजों को इस थेरेपी से बड़ी राहत मिलेगी।