अवैध संबंध में रुकावट बनी पत्नी की हत्या कर जलाया शव, मुकदमा दर्ज Bahraich News
बहराइच में पति ने पत्नी की हत्या कर शव को जला दिया। भाई की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा।
बहराइच, जेएनएन। बौंडी थाना क्षेत्र के जोगापुरवा गांव में शुक्रवार की रात पति ने अपने परिवारजनों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर साक्ष्य को मिटाने के लिए शव को जला दिया। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। घटना का कारण अवैध संबंध बताया जाता है।
बौंडी ग्रामपंचायत के जोगापुरवा ठोकर निवासी रामलाल पुत्र बंटा ने बताया कि 22 वर्ष पूर्व उसने अपनी बहन मनोरानी (42) की शादी गांव के ही जगमोहन पुत्र दुलारे के साथ किया था। उसके दो बेटे व एक बेटी है। रामलाल का आरोप है कि रात में जगमोहन ने अपने परिवारीजनों के साथ मिलकर मनोरानी की हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य को मिटाने के लिए शव को जला दिया। जब वह अपनी बहन के घर गया तो ताला लटक रहा था। एसओ ब्रह्मानंद सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर पति जगमोहन, उसके भाई नान्हू, बेटे शिवकुमार व उसकी पत्नी के अलावा लक्ष्मी पुत्री सोमई व दिलीप के खिलाफ हत्या कर साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया जांच-पड़ताल के दौरान यह तथ्य उभरकर आए हैं कि जगमोहन का एक महिला से अवैध संबंध था। इसका विरोध मनोरानी करती थी। इसी बात को लेकर उसकी हत्या कर शव को जला दिया गया है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फरार आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।