गृहमंत्री अमित शाह का लखनऊ दौरा, राजधानी में 30 को तीन घंटे 15 मिनट के प्रवास में UP कार्यसमिति की बैठक में होंगे शामिल
Amit Shah in Lucknow: अमित शाह सुबह 10:40 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, लखनऊ पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सड़क ...और पढ़ें

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह
HighLights
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ का दौरा
भाजपा के कार्यकर्ताओं को यूपी के चुनाव प्रबंधन का पाठ पढ़ाएंगे अमित शाह
डिजिटल डेस्क, लखनऊ : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के दौरे पर रहेंगे। उनका लखनऊ में तीन घंटा 15 मिनट का प्रवास है। भाजपा के थिंक टैंक माने जाने वाले अमित शाह लखनऊ में भाजपा के कार्यकर्ताओं को यूपी के चुनाव प्रबंधन का पाठ पढ़ाएंगे।
अमित शाह सुबह 10:40 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, लखनऊ पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से सुबह 10:55 बजे डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, आशियाना पहुंचेंगे। यहां पर सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक दो दिवसीय भाजपा कार्यसमिति बैठक में शामिल होंगे। इसके लिए डेढ़ घंटे का समय निर्धारित है।
इसके बाद दोपहर 12:30 बजे से 1:00 बजे तक विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। दोपहर एक से दो बजे तक मध्याह्न भोजन के लिए उनका समय आरक्षित है। दोपहर 2:15 बजे भारतीय वायुसेना के विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
कार्यसमिति में पहुंचेगे 2850 भाजपाई
डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रेक्षागृह में 30 व 31 अक्टूबर को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेशभर से कुल 2850 कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। इस बैठक में भाजपा का चुनावी रोडमैप तैयार किया जाएगा। भाजपा की चुनावी दिशा तय करने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारी पूरी कर ली गई है। 30 अक्टूबर को गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे और पार्टी की रणनीति को कारगर बनाने के लिए पदाधिकारियों को नया होमवर्क देंगे।
अमित शाह ने प्रदेश प्रभारी रहते हुए 2014 लोकसभा चुनाव में प्रबंधन का कौशल दिखाया था, वहीं 2017 विधान सभा चुनाव की भी दिल्ली से मॉनिटरिंग की थी। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने आयोजन का विशेष जिम्मा मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला, प्रदेश महामंत्री गीता शाक्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी एवं लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी को दिया है। कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह एवं सभी सह प्रदेश प्रभारी पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे।
