होली का असर, 70 हजार लोगों ने किया मेट्रो का सफर
हजरतगंज से 10500 से अधिक लोगों ने सफर किया। रविवार को भी बड़ी संख्या का अनुमान लगाया गया है।
लखनऊ, जेएनएन। होली के दूसरे दिन लखनऊ मेट्रो का सफर 70 हजार से अधिक लोगों ने किया। सुबह 11 बजे के बाद लोगों के आने जाने का सिलसिला शुरू हुआ जो रात नौ बजे तक 66 हजार का आंकड़ा पार कर गया। शनिवार व रविवार को भी बड़ी संख्या का अनुमान लगाया गया है। हजरतगंज से शुक्रवार को 10,500 से अधिक लोगों ने सफर किया।
लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने बताया कि होली वाले दिन दोपहर 2:30 बजे के बाद पब्लिक ने आना शुरू किया और आठ घंटे में करीब चालीस हजार के आसपास लोगों ने सफर किया। शुक्रवार को यह ग्राफ सत्तर हजार तक पहुंच गया। हजरतगंज और मुंशी पुलिया मेट्रो स्टेशन एक बार फिर राइडर शिप बढ़ाने में आगे रहे। वहीं, चारबाग रेलवे स्टेशन, आलमबाग बस अड्डे से रिस्पॉन्स सामान्य रहा। अधिकारियों के मुताबिक मेट्रो कर्मियों ने नए यात्रियों को टिकट लेने का तौर तरीका और गो स्मार्ट कार्ड के तौर तरीके भी बताए।
फीडर सर्विस की अभी भी दिक्कत
मेट्रो स्टेशनों के आसपास कोई स्टैंड की स्थायी व्यवस्था नहीं है। फीडर सर्विस के लिए स्थायी व्यवस्था न होने के कारण पब्लिक को परेशानी उठानी पड़ रही है। ई रिक्शा व अन्य संसाधन से सफर करने पर महंगा पड़ रहा है। यात्रियों का तर्क है कि एक निर्धारित राशि फिक्स कर दी जाए और फीडर सर्विस उपलब्ध रहे, तो मेट्रो से बढ़िया संसाधान कोई नहीं है।
रविवार को बढ़ेगी एयरपोर्ट तक भीड़
रविवार को विमान से सफर करने वाले यात्रियों का ग्राफ ज्यादा होगा। मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट जाने वाले हवाई यात्री अब मेट्रो का सफर करना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। क्योंकि मेट्रो का सफर किफायती होने के साथ ही कम समय लेने वाला है। मुंशी पुलिया से एयरपोर्ट के सफर में सिर्फ 42 मिनट लग रहे हैं, वहीं वाया कार से अगर शहीद पथ जाते हैं तो 55 मिनट और खर्च भी ज्यादा आता है। अगर यही सफर हजरतगंज व चारबाग होकर करते हैं तो 82 मिनट लगते हैं।