Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Happy New Year 2025: मुख्यमंत्री योगी ने यूपी वालों को अपने स्टाइल में बोला हैप्पी न्यू ईयर, कह दी ये बड़ी बात

    Updated: Tue, 31 Dec 2024 11:13 PM (IST)

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को नए वर्ष की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी नागरिकों को नए वर्ष की शुभकामनाएं दी हैं। विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह और कई मंत्रियों ने भी नव वर्ष की बधाई दी है।

    Hero Image
    मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों को दी नए वर्ष की बधाई

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश वासियों को नए वर्ष की बधाई दी है। उन्होंने अपने बधाई संदेश में कहा है कि डबल इंजन की सरकार उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नए वर्ष में राज्य को समृद्धि एवं विकास के रास्ते पर ले जाने के डबल इंजन की सरकार के प्रयासों को और गति मिलेगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने भी नागरिकों को नए वर्ष की शुभकामनाएं दी हैं। केशव मौर्य ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि हम सबको, भारत को विकसित राष्ट्र बनाने व सरकार के संकल्प को पूरा करने के लिए अपने-अपने क्षेत्र में पूरे मनोयोग से कार्य करना है।

    वहीं, विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह ने देश एवं प्रदेशवासियों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि नया वर्ष हमारे देश और प्रदेश के लिए नई उम्मीद, नया विकास और नई उपलब्धियां लेकर आए। 

    पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह तथा मत्स्य विकास मंत्री डा. संजय कुमार निषाद ने भी नव वर्ष पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि की कामना की है। 

    नव वर्ष की पूर्व संध्या पर जारी शुभकामना संदेश में तीनों मंत्रियों ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी के प्रयासों से नया उत्तर प्रदेश नए भारत का उभरता हुआ प्रदेश है।

    अखिलेश ने की सामाजिक एकता को मजबूत करने की अपील

    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी देशवासियों को नववर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

    उन्होंने देशवासियों के लिए सुख-समृद्धि की मंगलकामना करते हुए सभी से आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता को मजबूत करने की अपील की है। 

    वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने नव वर्ष के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए उनके सुखमय जीवन एवं उन्नति की कामना की है।

    मुख्यमंत्री से मिले पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री नरेन्द्र कश्यप

    पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। कश्यप ने मुख्यमंत्री से अपने विभागों से जुड़ी विकास योजनाओं एवं नई पहल पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने विभाग की प्रमुख उपलब्धियों, प्रगति और आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने पिछड़ा वर्ग और दिव्यांगजन के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव मांगे।