सुल्तानपुर: लाल जोड़े में दुल्हन को गोमती तट लेकर पहुंचा दूल्हा, नाव पर एक-दूसरे के गले में पहनाई माला
सुल्तानपुर में एक युवक ने मां गोमती धारा के समक्ष दुल्हन को वरमाला पहनाई। खर्चीली शादी व शोर-शराबे से दूर रहने का दिया संदेश।
सुल्तानपुर, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक स्वयंसेवी संस्था से जुड़े युवक ने गुरुवार को अपनी शादी कुछ अनोखे तरीके से की। दुल्हन को साथ लेकर सीताकुंड घाट पर पहुंच गया। यहां आदि गंगा गोमती की बीच धारा में नाव पर सवार होकर एक-दूसरे के गले में माला पहनाई। गवाह बनी आदि गंगा गोमती के सामने दोनों विवाह के बंधन में बंध गए। तो घाट पर मौजूद लोगों ने तालियां बजा इस पहल का स्वागत किया।
ये है पूरा मामला
मामला शहर के दरियापुर का है। यहां के निवासी अनुराग गुप्ता व मिर्जापुर के कंचन गुप्ता की शादी कार्यक्रम यूं तो एक मैरिज लॉन में था। वहां पर बरातियों व घरातियों के भोजन आदि की व्यवस्था की गई थी। इसके इतर अनुराग ने गुरुवार को दिन में गोमती नदी के तट सीताकुंड पर शादी का मंडप तैयार करवाया और शादी में बरातियों को हरे रंग का कुर्ता पहनाकर हरियाली का संदेश दिया। वर अनुराग गुप्ता व वधू कंचन ने परिवारजनों की मौजूदगी में नाव पर मां गोमती नदी की बीच धारा में जाकर जयमाल डाला और शादी संपन्न हुई।
रात में शोर-शराबे से दूर इस शादी की रौनक देखने के लिए शहरवासी एकत्र हुए। वहीं, अनुराग ने निमंत्रण कार्ड को भी अनोखा बनाया। श्रीमद्भागवत गीता का स्वरूप देते हुए निमंत्रण पत्र बांटा। शहर में होने वाली इस अनोखी शादी से बहुत लोग प्रभावित हुए और प्रेरणा लेने की बात कही। इस मौके पर दंपती को आशीर्वाद देने के लिए सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ता घाट पर जुटे रहे। शादी के बंधन में बंधने के बाद अनुराग ने बताया कि आज की मंहगी शादी से लड़की का बाप टूट जाता है। ऐसे में लड़कियों को लेकर समाज में कुरीतियां है, जो उन लोगों के लिए यह छोटी पहल है। लोगों से अपील करते हुए कहा कि ऐसी शादी सब करें जिससे बेटी बोझ न समझी जाएं।