ईद पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री की बधाई, शिया वक्फ बोर्ड ने रद की छुट्टी
राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण समेत प्रमुख राजनीतिक हस्तियों ने ईद-उल-फित्र पर बधाई दी है।
लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना समेत कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों ने ईद-उल-फित्र के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी है।
राज्यपाल ने अपने बधाई संदेश में सभी लोगों की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि ईद का पर्व हमें एकता, आपसी भाईचारे और मोहब्बत का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि खुशियां बांटने से ही खुशियां बढ़ती हैं। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों, विशेषकर मुस्लिम समाज को हार्दिक शुभकामना प्रेषित की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि ईद का त्यौहार खुशी और मेल-मिलाप का संदेश लेकर आता है। खुशियों का यह त्योहार सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ाता है। यह सभी को समाज के अमन-चैन और सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ईद के पर्व पर सभी को सद्भाव तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की राह पर आगे बढऩे का संकल्प लेना चाहिए।
शिया वक्फ बोर्ड ने रद की ईद की छुट्टी
उत्तर प्रदेश शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने ईद की छुट्टी रद कर कर दी है। बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी के मुताबिक पाकिस्तान द्वारा भारतीय सैनिकों की कायरता पूर्वक हत्या कराए जाने के विरोध में यह फैसला लिया गया है। सचिव का कहना है कि बोर्ड के कर्मचारी शनिवार को ईद नहीं मनाएंगे। यही नहीं दोपहर एक बजे शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के दफ्तर में कर्मचारी और बोर्ड के सदस्य पाकिस्तान का झंडा जलाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।