बदलें बच्चों का व्यक्तित्व, शिक्षा में लाएं निखार : राज्यपाल आनंदीबेन Sultanpur News
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बुधवार को जिले सुलतानपुर दौरे पर। गांव वालों में सद्भाव बनाने का दिया संदेश।
सुलतानपुर, जेएनएन। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को कहा कि जो बच्चों के व्यक्तित्व को बदलकर उनमें निखार ला दे, वही शिक्षक है। प्राथमिक शिक्षा को बढ़ावा देने की जिम्मेदारी टीचर पर है। वह बच्चों के साथ भावनात्मक रिश्ता बनाएं। उनके अंदर छिपी प्रतिभा को बाहर लाने के वातावरण का सृजन करें। वे पटेल प्राथमिक शिक्षा जागृति अभियान कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहीं थीं। इस दौरान राज्यपाल पूरी तरह शिक्षक की भूमिका में नजर आईं।
यहां एक कार्यक्रम में आए शिक्षक, चिकित्सक, व्यवसायी, कॉलेज प्रबंधक, समाजसेवी आदि सभी को उनके दायित्व का पाठ उन्होंने पढ़ाया। प्राथमिक पाठशालाओं में गिरते शिक्षा के स्तर पर ङ्क्षचता जताते हुए कहा कि आज के दौर में उच्च शिक्षा पर अधिक पैसा खर्च किया जा रहा है।
कहा, प्राथमिक शिक्षा के लिए जितने धन की जरूरत है, उतना सरकार व्यय नहीं कर पा रही है। इसलिए विद्यालयों में हर तरह की सुविधा की उपलब्धता और पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए जन सहयोग की आवश्यकता है। समाज के समृद्धशाली लोग स्कूलों की क्वालिटी में सुधार के लिए आगे आएं। गांव वासियों के साथ मिलकर उनकी निगरानी करें।
राज्यपाल ने सुलतानपुर में 207 बेसिक स्कूलों को विभिन्न संस्थाओं और व्यक्तियों द्वारा अंगीकार किए जाने, इसके संयोजक भाजपा के काशी प्रांत उपाध्यक्ष की तारीफ की। कहा कि दूसरे जिले भी इस कार्य से प्रेरणा लेंगे। राज्यपाल ने स्कूली बच्चों को टूर करानेे पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे उन सब का नजरिया बदलता है। समझदारी बढ़ती है। वह एक दूसरे के नजदीक आते हैं, विभेद कम होते हैं। इस दौरान बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री सतीश द्विवेदी भी रहे।