धनतेरस से पहले सोने-चांदी में निवेश का अच्छा मौका, अभी और गिरेंगे दोनों महंगी धातु के दाम
Rates of Gold And Silver Down Regularly: त्योहार से पहले सोने के भाव में आई नरमी बाजार के लिए अहम ...और पढ़ें

करवा चौथ और धनतेरस से पहले सोने की कीमतों में आई नरमी
HighLights
14 दिन में सोना में आठ हजार और चांदी में 30 हजार रुपये की गिरावट
चांदी के करवा की डिमांड शुक्र डूबा होने से कम, चांदी गिरने से सस्ते हुए करवा
अंशू दीक्षित, लखनऊ : त्योहारी सीजन यानी करवा चौथ और धनतेरस से पहले सोने की कीमतों में आई नरमी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। भाव में गिरावट का फायदा उठाने के लिए सराफा बाजार में सोने की प्री-बुकिंग को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है।
सोने के आभूषण खरीदने की योजना बना रहे ग्राहक बाजार के भाव पर नजर रख रहे हैं और कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच खरीदारी का बजट तय कर रहे हैं। सराफा कारोबारियों को उम्मीद है कि त्योहारों की खरीदारी अब और जोर पकड़ेगी। करवा व धनतेरस से पहले सोने-चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट होने से निवेशकों के साथ ही ग्राहकों के पास भी निवेश का सुनहरा अवसर है।
सोने का दाम 14 दिन पहले तक 154,600 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जबकि 23 अक्टूबर को घटकर 146,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है। वहीं चांदी की कीमत 30 हजार की गिरावट के साथ 199,500 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।
दरअसल, करवा चौथ पर सुहागिन महिलाएं अपने लिए आभूषण खरीदने में रुचि दिखाती हैं, जबकि धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। ऐसे में दोनों त्योहार से पहले सोने के भाव में आई नरमी बाजार के लिए अहम मानी जा रही है। कई बड़े ज्वेलर्स धनतेरस की प्री-बुकिंग कर रहे हैं।
बीते 20 दिनों से लगातार सोने की कीमत गिरने से निवेशक भी उत्साहित हैं। चौक सर्राफा एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आदिश जैन के मुताबिक, सोने के दाम 14 दिन में आठ हजार रुपये से अधिक कम हुए हैं। यह तीन माह में अधिकतम है। इसी तरह चांदी भी अपनी निचले स्तर पर है। सहालग की खरीदारी भी लोगों ने शुरू कर दी है, क्योंकि सोने व चांदी दोनों के ही दाम गिरने से ग्राहकों में उत्साह है। वह सुनहरा अवसर मानकर इसे भुनाने में लग गए हैं।
सोने व चांदी में निवेश हमेशा से अच्छा
नार्थ हेड, इब्जा अनुराग रस्तोगी ने बताया कि सोने व चांदी में निवेश हमेशा से अच्छा माना जाता रहा है। एक समय सोना 1.80 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था और चांदी चार लाख प्रति किलोग्राम हो गया था।
इस समय निवेश का अच्छा मौका
अध्यक्ष, चौक सर्राफा एसोसिएशन चौक कैलाश चंद्र जैन की राय है कि निवेशक सोने व चांदी में इस समय अच्छा निवेश कर सकते हैं, क्योंकि दोनों ही धातुओं के दाम बढ़ना तय है और भविष्य के लिए यह दोनों ही धातु फायदेमंद है। वर्तमान में वैश्विक समीकरण ऐसे नहीं है कि सोने के दाम गिरकर एक लाख से भी कम आ जाए। अब सोने के दाम गिरना मुश्किल है।
प्री बुकिंग करा रहे हैं लोग
सदस्य, इब्जा हर्ष रस्तोगी ने बताया कि करवा, धनतेरस व दीपावली के लिए प्री बुकिंग लोग करा रहे हैं। दोनों ही धातुओं में एक सप्ताह के भीतर गिरावट को देखते हुए निवेशक व पीली धातु की शौकीन महिलाएं व पुरुष खरीदारी कर रहे हैं। मेरे हिसाब से इससे अच्छा मौका नहीं मिलेगा।
खरीदारी का इससे अच्छा मौका नहीं
महामंत्री, चौक सर्राफा एसोसिएशन, विनोद महेश्वरी ने बताया कि इस बार ग्राहकों की डिमांड के हिसाब से करवा तैयार कराए गए हैं। चांदी व सोने की कीमतें जिस गति से गिरी हैं, उसके हिसाब से दोनों ही धातुओं में खरीदारी का इससे अच्छा मौका नहीं हो सकता।
23 अक्टूबर को सोने व चांदी के दाम
सोना 24 कैरेट : 146,100 प्रति 10 ग्राम
22 कैरेट : 1,33,300 प्रति 10 ग्राम
18 कैरेट : 1,09800 प्रति 10 ग्राम
14 कैरेट : 85,300 प्रति 10 ग्राम
चांदी : 199,500 रुपये प्रति किलोग्राम।
