गोंडा अपहरण कांड : विपक्ष के निशाने पर यूपी सरकार, अखिलेश ने कहा-अपराधियों ने किया सरकार का ही एनकाउंटर
Gonda Kidnapping Case सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार अगर यूपी के बच्चों की रक्षा नहीं कर सकती है तो उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
लखनऊ, जेएनएन। कानपुर में पैथोलॉजी कर्मी संजीत यादव की अपहरण और फिर हत्या के बाद गोंडा जिले में नया मामला सामने आ गया है। शुक्रवार दोपहर बदमाशों ने एक व्यवसायी के आठ वर्षीय पुत्र का अपहरण कर लिया। बच्चे को छोड़ने के लिए चार करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई है। सूबे की कानून-व्यवस्था को लेकर पहले से आक्रमक विपक्ष ने इस घटना पर भी सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अगर उत्तर प्रदेश के बच्चों की रक्षा नहीं कर सकती है तो उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने ट्वीट कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि 'कानपुर के बाद अब गोंडा में एक व्यापारी के बच्चे के अपहरण की खबर से उत्तर प्रदेश की जनता में घोर आक्रोश फैल गया है। भाजपा सरकार अगर उत्तर प्रदेश के बच्चों की रक्षा नहीं कर सकती है तो उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं। लगता है अपराधियों ने एनकाउंटर वाली सरकार का ही एनकाउंटर कर दिया है।'
बता दें कि गोंडा जिले कर्नलगंज क्षेत्र में मास्क और सैनिटाइजर बांटने के बहाने शुक्रवार की दोपहर बदमाशों ने एक पान मसाला व गुटखा व्यवसायी के आठ वर्षीय पुत्र का अपहरण कर लिया। बच्चे को छोड़ने के लिए व्यवसायी से चार करोड़ रुपये की मांग की गई है। व्यवसायी राजेश गुप्त के पुत्र रामजी गुप्त ने बताया कि शुक्रवार दोपहर दो व्यक्ति उनके घर पर आए। उन लोगों ने खुद के स्वास्थ्य विभाग से होने की जानकारी देते हुए मास्क व सैनिटाइजर बांटने की बात कही। उनके भाई हरि गुप्त से मोबाइल नंबर लेते हुए कहा कि मास्क व सैनिटाइजर देने के लिए किसी को गाड़ी तक भेज दीजिए, जिस पर परिवारजन ने राजेश गुप्त के आठ वर्षीय पौत्र नमो गुप्त को भेज दिया। बताया गया कि कार सवार बदमाश बच्चे को वहीं से अगवा कर ले गए। फिर हरि गुप्त के मोबाइल पर फोन करके बदमाशों ने फिरौती की मांग की।