लखनऊ : दो साल का इंतजार खत्म, गोमती नगर स्टेशन का शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तैयार; दीपावली के बाद कब्जा देने की तैयारी
गोमती नगर स्टेशन का शॉपिंग कॉम्प्लेक्स दो साल की देरी के बाद तैयार हो गया है, जिसमें दोनों ब्लॉक और ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
गोमती नगर स्टेशन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स दो साल बाद तैयार।
दोनों ब्लॉक और इंटरलिंक ब्रिज का काम पूरा हुआ।
दीपावली के बाद दुकानों का कब्जा मिलेगा निवेशकों को।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। करीब दो साल की देरी के बाद गोमती नगर स्टेशन के शापिंग कांप्लेक्स के दोनों ब्लाक तैयार हो गए हैं। दोनों ब्लाकों को आपस में जोड़ने के लिए इंटरलिंक ब्रिज का काम पूरा हो गया है। अब दीपावली के बाद आरएलडीए दुकानों का कब्जा और रजिस्ट्री देने की तैयारी रहा है।
इन कांप्लेक्स के शुरू हाेने पर गोमतीनगर स्टेशन आने वाले यात्रियों को खरीददारी और कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं मिलेंगी। रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) ने करीब 350 करोड़ रुपये से गोमतीनगर स्टेशन का विकास किया है। यहां विभूतिखंड की ओर आरएलडीए ने शापिंग कांप्लेक्स के दो ब्लाक तैयार कर उसे लीज पर देने का निर्णय लिया।
पूरी नहीं हो सका था काम
व्यापारियों ने यहां के दोनों ब्लाकों में 300 दुकानों के लिए लगभग 250 करोड़ रुपये का निवेश वर्ष 2021 में किया था। आरएलडीए को सितंबर 2023 तक कांप्लेक्स को तैयार कर कब्जा देना था। 26 फरवरी 2024 को गोमतीनगर स्टेशन का लोकार्पण तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कर दिया था। लेकिन यहां कांप्लेक्स के आर-1 और आर-2 ब्लाकों का काम अब तक पूरा नहीं हो सका था।
भूतल सहित चार मंजिला कांप्लेक्स की दुकानों के लिए 10 हजार रुपये प्रति वर्गफीट की दर तय की गई थी। निवेशकों ने 15 से 16 हजार रुपये प्रति वर्गफीट की बोली लगाकर निवेश किया था। निवेशकों का कहना है कि उन्होंने लगभग 95 प्रतिशत तक का भुगतान भी आरएलडीए को कर दिया है। इस बीच आरएलडीए ने पिछले तीन माह में काम में तेजी दिखायी।
यह भी पढ़ें- मेरठ में 26 थानों के प्रभारी बदले, 11 इंस्पेक्टर और 15 दारोगा को मिली थानों की कमान; 4 को किया लाइन हाजिर
एलडीए ने भी आंशिक पूर्णता प्रमाण पत्र जारी कर दिया है। आरएलडीए के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार अब हम निवेशकों को कब्जा देने की स्थिति में आ गए हैं। भीतरी फिनिशिंग का काम भी पूरा हो गया है। दीपावली पर रजिस्ट्री और कब्जा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
