Move to Jagran APP

सेहतमंद रहने के लिए खुराक से थोड़ा कम और फाइबर युक्त भोजन करें

गैस्ट्रोइंट्रोलॉजिस्ट डॉ. प्रशांत वर्मा ने हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में मौजूद थे। उन्‍होंने पाठकों द्वारा पूछे गए सवालों के द‍िए जवाब।

By Anurag GuptaEdited By: Published: Thu, 04 Apr 2019 08:07 PM (IST)Updated: Thu, 04 Apr 2019 08:07 PM (IST)
सेहतमंद रहने के लिए खुराक से थोड़ा कम और फाइबर युक्त भोजन करें
सेहतमंद रहने के लिए खुराक से थोड़ा कम और फाइबर युक्त भोजन करें
लखनऊ, जेएनएन। एसिडिटी और गैस के साथ-साथ फैटी लिवर की समस्या आज आम हो गई है। भोजन में फाइबर की कम मात्रा कब्ज का कारण है। पाठकों ने पेट से जुड़ी ऐसी तमाम समस्याओं के बारे में लोहिया संस्थान के गैस्ट्रोइंट्रोलॉजिस्ट डॉ. प्रशांत वर्मा से सवाल किए। 
 
पाठकों ने पूछे सवाल
सवाल: सुबह पेट साफ नहीं होता है। दो-तीन बार जाना पड़ता है। - सुरेश जायसवाल, सीतापुर
जवाब: भोजन में फाइबर की मात्रा बढ़ा दें। सलाद, अंकुरित दाल और फल नियमित रूप से लें। एसिडिटी की दवा ले सकते हैं। 
सवाल: अल्ट्रासाउंड में फैटी लिवर ग्रेड 2 आया है। मुझे क्या करना चाहिए। - आइपी मिश्रा, गोमती नगर
जवाब: फैटी लिवर का अर्थ है कि लिवर में चर्बी का जमाव है। यह आम समस्या है। आप अपनी दिनचर्या में सुधार करें। अल्कोहल लेते हों तो बंद कर दें। यदि अन्य जांचें सही हैं तो चिंता की बात नहीं है।
सवाल : पेट में ऐंठन के साथ दर्द होता है। आंव व कभी-कभी मल के साथ खून भी आता है। -अनूप कुमार मौर्या, अमेठी
जवाब : आपको कोलोनोस्कोपी करानी पड़ेगी। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। हो सकता है बड़ी आंत में सूजन हो। 
सवाल : पेट में गैस की शिकायत रहती है। काफी इलाज भी कराया लेकिन समस्या बनी हुई है। - डॉ. आरडी सिंह, गोंडा
जवाब : गैस के चलते ही आपको पेट में तनाव रहता है। आप घर का खाना ही खाएं। तलाभुना, मसालेदार भोजन से परहेज करें। सफाई का विशेष ध्यान रखें। दही व मठ्ठे का सेवन करें। 
सवाल : चार साल पहले पथरी का ऑपरेशन हुआ था। टांकों में दर्द रहता है। पेट फूलता है। - बीना आहूजा, आलमबाग
जवाब : टांकों में दर्द के लिए सर्जन को दिखाएं, हो सकता है हार्निया की शिकायत हो। फैटी लिवर के साथ यदि लिवर में सूजन नहीं है तो परेशान न हों। एक बार किसी गैस्ट्रो के डॉक्टर को दिखाकर जांचें करा लें।
सवाल: कई बार शौच जाना पड़ता है। पेट साफ नहीं होता है। -लालजी वर्मा, गोंडा
जवाब : पेट में दर्द नहीं है। लगता है कि कब्ज की दिक्कत है। आप भोजन में सलाद, अंकुरित दालें जोड़ लें। रात में एक गिलास गुनगुने पानी के साथ दो-तीन चम्मच इसबगोल लेना शुरू करें इससे लाभ होगा। 
सवाल : मुझे लिवर सिरोसिस है। क्या मैं ठीक हो सकता हूं। -शिव शंकर, इंदिरानगर
जवाब : आपका लिवर खराब हो गया है। इसके कारण समझने होंगे। यदि आप अल्कोहल लेते हैं तो तत्काल बंद कर दें। यह एक कारण हो सकता है। आप अस्पताल आकर दिखा लें। फोन पर इलाज बताना संभव नहीं। 
सवाल : एसिडिटी की दिक्कत है भूख भी कम लगती है।  -सुधाकर पांडेय, सीतापुर
जवाब : आपको खानपान व दिनचर्या में सुधार करना होगा। पेट को ज्यादा समय तक खाली न रखें। तीन-चार घंटे पर कुछ अवश्य खाएं। यात्रा करते समय उबकाई व कभी-कभी उल्टी आना मोशन सिकनेस का संकेत है। किसी डॉक्टर से इसके लिए दवा ले लें। यात्रा करने से एक घंटा पहले दवा लेने से दिक्कत नहीं होगी।  
सवाल : मुझे घबराहट व बेचैनी महसूस होती है।-हिमांशु सोनी, गोंडा
जवाब : यह आपके व्यक्तित्व का हिस्सा है, लेकिन यदि दिक्कत अधिक हो तो किसी मनोरोग चिकित्सक की सलाह लेना चाहिए। यह एक तरह की बीमारी है, जिसका इलाज न किए जाने पर समस्या बढ़ा सकती है। 
सवाल : पेट में कब्ज रहता है और उसकी वजह से दुखन बनी रहती है। -प्रवीन तिवारी, लखनऊ
जवाब : आप ऐसा भोजन लें, जिसमें फाइबर की मात्रा अधिक हो। रात में सोने से पहले गुनगुने पानी के साथ ईसबगोल अवश्य लें। साथ ही तीन-चार लीटर पानी पियें। समस्या फिर भी न ठीक हो तो डॉक्टर से संपर्क करें।
सवाल : गैस की शिकायत है। पेट फूलता है, जिससे सिर व पीठ में दर्द रहता है।  -रिम्पा वर्मा, गोमती नगर
जवाब : तलाभुना व अधिक मसालेदार भोजन न करें। भूख से कुछ कम खाना खाएं। गैस से सिरदर्द व पीठ दर्द का कोई रिश्ता नहीं है। हो सकता है कि कोई और समस्या हो। 
सवाल: पति को फैटी लिवर है। वह अल्कोहल लेते हैं। क्या परहेज कर सकते हैं। -रश्मि गुप्ता, आइआइएम रोड
जवाब : अल्कोहल की वजह से ही फैटी लिवर है। यदि नहीं रोका तो दिक्कत बढ़ सकती है। अल्कोहल न छोड़ पा रहे हों तो मेडिकल कॉलेज में मानसिक रोग विभाग में नशा मुक्ति सेंटर है। वहां संपर्क करें। 
सवाल : सुबह जब गर्म पानी पीते हैं उसके बाद ही मोशन होता है। क्या करें।-ब्रजेश त्रिपाठी, रायबरेली
जवाब : आपको कब्ज की कुछ समस्या लगती है। खाने में फाइबर की मात्रा जैसे सलाद, फल, अंकुरित दालें बढ़ा दें। तीन-चार लीटर पानी पियें। गर्म पानी पीने में कोई नुकसान नहीं। 
सवाल : फैटी लिवर ग्रेड वन है। दाहिनी ओर पीठ में दर्द होता है। -सुरेश गोस्वामी, फैजाबाद
जवाब : फैटी लिवर का कोई सिस्टम नहीं होता है। पीठ में दर्द की वजह बैठने का पॉश्चर हो सकता है। 
सवाल : छह-सात माह से मुंह में छालें हैं और पानी भी अटकता है। -राम प्रसाद, सुलतानपुर
जवाब : आपको इंडोस्कोपी कराना होगा। जांच के पश्चात ही कुछ कहा जा सकता है। हो सकता है कि कोई इंफेक्शन हो।
सवाल: दस-बारह दिन से जब पानी पीते हैं तो फंसता है। किडनी का इलाज चल रहा है। -पंकज, सीतापुर
जवाब : आपको किसी पेट रोग विशेषज्ञ को दिखाना चाहिए। चूंकि किडनी का इलाज चल रहा है। हो सकता है कि लिवर में कुछ दिक्कत हो। 
सवाल : पेट से लेकर मुंह तक जलन रहती है। -राजकुमार, बख्शी का तालाब
जवाब : आपको एसिड रिफ्लेक्स की समस्या लगती है। तलाभुना, खट्टा भोजन न लें। पलंग के सिरहाने को पांच-छह इंच ऊंचा कर लें। इससे एसिड ऊपर को नहीं आएगा। साथ ही एसिडिटी की दवा खाते रहें। 
इसका अवश्य रखें ध्यान 
  • साफ पानी ही पियें। दूषित पानी से बीते वर्ष दुनिया भर में 14 लाख लोगों की मौत हुई थी। पानी रखने का बर्तन साफ रखें और हमेशा पानी ढक कर रखें
  • सफाई का विशेष ध्यान रखें। खाना बनाने से पहले व खाने से पहले हाथ अवश्य धो लें
  • सब्जियां, फल अच्छी तरह से धोकर साफ करने के बाद ही इस्तेमाल करें। 
  • पेट के संक्रमण का सबसे बड़ा कारण दूषित जल है।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.