लखनऊ में पचास हजार घरों से बंद हुआ कूड़ा उठना, कर्मचारियों ने रोका काम
लखनऊ नगर निगम के जोन आठ में हर कोई परेशान घरों से नहीं उठ रहा है कूड़ा। एजेंसी के कर्मचारियों ने रोका काम।
लखनऊ, जेएनएन। नगर निगम के जोन आठ क्षेत्र से घर-घर से कूड़े का उठान बंद हो गया है। नगर निगम की तरफ से कूड़ा प्रबंधन के लिए अधिकृत मेसर्स ईको ग्रीन के कर्मचारी मानदेय न मिलने से काम नहीं कर रहे हैं। एल्डिको कॉलोनी, मानसरोवर योजना, कानपुर रोड स्थित एलडीए कॉलोनी, आशियाना और पीजीआइ क्षेत्र में पंद्रह दिनों से कूड़ा एकत्र नहीं हो रहा है। ऐसे में लोगों के घरों में कूड़ा एकत्र है या फिर उसे रात में सड़क किनारे फेंका जा रहा है।
ईको ग्रीन के कर्मचारियों को यहां के निवासी फोन कर रहे हैं तो वह फोन ही नहीं उठा रहे हैं। ईको ग्रीन के प्रबंधक अभिषेक सिंह का कहना है कि मानदेय न बंटने से नगर निगम के जोन आठ में घर-घर से कूड़ा उठाने का काम बंद है। नगर निगम से भुगतान न मिलने से यह समस्या आई है। दो-तीन दिन में कूड़ा एकत्र कराने का प्रयास किया जाएगा।
दरअसल, कूड़ा प्रबंधन की योजना पटरी से उतर गई है। नगर निगम और मेसर्स ईको ग्रीन के बीच तालमेल का अभाव होने से शहरवासी सफर कर रहे हैं।
पिछले माह भी शहर के कई इलाकों में कूड़ा उठान बंद होने से लोगों के सामने परेशानी हो गई थी। तब प्रमुख सचिव नगर विकास मनोज सिंह की अध्यक्षता में नगर निगम और मेसर्स ईको ग्रीन के अधिकारियों के बीच वार्ता हुई थी, लेकिन बैठक का असर नहीं दिख रहा है। मेसर्स ईको ग्रीन को नगर निगम सीमा के सभी क्षेत्र से 5.56 लाख भवनों से हर दिन कूड़ा लेना है।