मैनपुरी में छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के बाद बना ली वीडियो क्लिपिंग, दो आरोपी गिरफ्तार
मैनपुरी में शातिर युवकों ने बस में यात्रा कर रही छात्रा का अंकपत्र चोरी करने के बाद उसको बुलाया। छात्रा के आने पर इन युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के दौरान ही वीडियो क्लिपिंग भी बना ली। इसके बाद उसको ब्लैकमेल करने लगे।
लखनऊ। मैनपुरी में शातिर युवकों ने बस में यात्रा कर रही छात्रा का अंकपत्र चोरी करने के बाद उसको बुलाया। छात्रा के आने पर इन युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के दौरान ही वीडियो क्लिपिंग भी बना ली। इसके बाद उसको ब्लैकमेल करने लगे। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर कल जेल भेज दिया है।
मैनपुरी के थाना दन्नाहार क्षेत्र की एक एक युवती शिकोहाबाद के कालेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। पीडि़ता के मुताबिक 27 फरवरी को वह कालेज से घर लौट रही थी। मैनपुरी के घिरोर में वह बस से उतरने लगी। तभी उसके पीछे बस में खड़े दो युवकों ने बैग की चेन खोलकर बैग में रखी इंटरमीडिएट की अंक तालिका तथा मोबाइल फोन चुरा लिया। उसके घर पहुंचने पर उसके पिता के मोबाइल पर इन युवकों ने फोन करने के बाद छात्रा की इंटर की अंकतालिका उनके पास होने की जानकारी दी। इन दौरान इन युवकों ने छात्रा से भी बात की। छात्रा को इन लोगों ने अंकपत्र तथा मोबाइल फोन वापस करने को मैनपुरी के लोहिया पार्क में बुलाया। युवती जब लोहिया पार्क पहुंची तो दोनों युवक वहां मिल गए। युवक उसे अंकपत्र व मोबाइल देने के बहाने अपने घर जाने की बात कहकर युवती को अंधेरी कोठरी में ले गए और बंधक बना लिया। रातभर दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही दुष्कर्म का वीडियो भी बना लिया। सवेरे उसे बिना अंकपत्र दिए छोड़ दिया। बाद में दोनों अभियुक्तों ने छात्र को अंकपत्र वापस करने के लिए बुलाया, वह आने के लिए तैयार नहीं हुई तो क्लिपिंग सार्वजनिक कर बदनाम करने की धमकी देने लगे। छात्रा ने अपर पुलिस अधीक्षक दिगंबर कुशवाहा को जानकारी दी। पुलिस कर्मी सादा कपड़ों में लोहिया पार्क पहुंचे। इधर युवती ने फोन पर युवकों को लोहिया पार्क बुला लिया। युवकों के पहुंचते ही पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। अभियुक्तों ने अपने नाम अरविंद यादव निवासी गोपीनाथ अड्डा, मैनपुरी तथा सुनील शाक्य निवासी नगला मठिया थाना दन्नाहार बताया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीडि़त छात्र की तहरीर पर दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज कर अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है।