विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 25, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Ganesh Chaturthi 2022: गजानन की पूजा में जरूर शामिल करें ये चीजें, खूब मिलेगी बरकत; पूरी होगी हर मनोकामना

By Vrinda SrivastavaEdited By:
Published: Thu, 25 Aug 2022 01:14 PM (IST)

Ganesh Chaturthi 2022 हिन्दू धर्म में गणेश चतुर्थी बहुत महत्वपूर्ण होता है। इस बार गणेश चतुर्थी 31 अगस्त 2022 को ...और पढ़ें

Ganesh Chaturthi 2022: गजानन की पूजा में जरूर शामिल करें ये चीजें।
Ganesh Chaturthi 2022: गजानन की पूजा में जरूर शामिल करें ये चीजें।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। हिन्दू धर्म में गणेश चतुर्थी बहुत महत्वपूर्ण होता है। इस बार गणेश चतुर्थी 31 अगस्त 2022 को पड़ रही है। गणेश उत्सव 10 दिनों तक मनाया जाता है। भगवान गणेश प्रथम पूज्य देवता माने जाते हैं। प्रतिवर्ष भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष पर गणेश चतुर्थी का त्योहार बहुत धूम धाम से मनाया जाता है। पूरे देश में 10 दिनों तक गणपती की पूजा की जाती है।

इस दिन भगवान गणेश का जन्म हुआ था। ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक, इन दिनों के बीच कुछ ऐसी वस्तुएं होती हैं, जिसे बप्पा पर चढ़ाने से बहुत लाभ मिलता है। साथ घर में खुशहाली बरकरार रहती है और विघ्न हरता सारे दुख हर लेते हैं। आइए जानते हैं वो चीजें जिसे अर्पित कर आप बप्‍पा की कृपा पा सकते हैं...

हल्दी चढ़ाना बेहद शुभ : हिन्दू धर्म में कोई भी शुभ काम बिना हल्दी के पूरा नहीं होता है। भगवान गणेश को भी हल्दी चढ़ाना बहुत शुभ माना जाता है। गणेश चतुर्थी के दौरान बप्पा पर हल्दी की गांठ जरूर चढ़ाएं। ऐसी मान्यता है की ऐसा करने से सारे संकट टल जाते हैं जीवन में खुशहाली आती है।

नारियल से होगी धन की वर्षा : नारियल का इस्तेमाल सभी पूजा-पाठ के कार्यों में किया जाता है। हिन्दू ग्रंथों में नारियल को माता लक्ष्मी का फल बताया गया है। इसका दूसरा नाम श्रीफल भी है। श्रीगणेश को साबूत नारियल चढ़ाना शुभ माना जाता है। ऐसा करना बहुत फलदायी माना जाता है। इससे आपके धर में धन की वर्षा होगी।

लड्डू और मोदक को ना भूले : वैसे तो भगवान गणेश को रसगुल्ला, मालपुआ, रसमलाई का भोग भी लगाया जाता है लेकिन इन सबसे बढ़कर है मोदक और लड्डू क्योंकि भगवान गणेश को मिष्ठान में मोदक और लड्डू बेहद प्रिय है। इसलिए जब भी भगवान गणेश की पूजा करें उनको मोदक और लड्डू का भोग जरूर लगाएं। ऐसी मान्यता है की श्रीगणेश को लड्डू या मोदक का भोग लगाने से इच्छा पूरी होती है।

सुपारी से होगी बरकत : हिन्दू धर्म में सुपारी को भगवान गणेश का प्रतीक माना गया है। गणेश चतुर्थी की पूजा के दौरान सुपारी चढ़ाना बहुत शुभ होता है। कहा जाता है की बप्पा पर सुपारी चढ़ाने से घर में बरकत होती है और खुशहाली बनी रहती है।

पूजा का जरूरी भाग है दूर्वा : वैसे तो हर पूजा में दूर्वा शामिल किया जाता है। लेकिन दूर्वा भगवान गणेश को बहुत प्रिय है। कई हिन्दू ग्रंथों में इसका उल्लेख भी किया गया है। इसलिए जब भी आप श्री गणेश की पूजा करें तो दूर्वा को शामिल करना न भूलें। ऐसा करने से घर में खुशहाली आती है और संकट से मुक्ति मिलती है।

गेंदे का फूल : वैसे तो आप कोई भी पुष्प भगवान गणेश को अर्पित कर सकते हैं लेकिन उनको सभी फूलों में सबसे ज्यादा प्रिय है गेंदे का फूल। इसलिए जब भी भगवान गणेश की पूजा करें तो उनको गेंदे के फूल से बनी माला या गेंदे के फूल अर्पित जरूर करें।

केले का जोड़ा चढ़ाने से प्रसन्‍न होंगे बप्‍पा : भगवान गणेश को मिष्ठान में मोदक और फलों में केला सबसे प्रिय है। इसलिए भगवान गणेश की पूजा करते वक्त हमेशा केले का जोड़ा चढ़ाएं जिससे भगवान गणेश प्रसन्न होंगे।

शंख की ध्‍वनि अति प्रिय : वैसे तो शंख बजाना प्रत्येक भगवान की पूजा में महत्वपूर्ण होता है लेकिन भगवान गणेश की पूजा करते वक्त शंख बजाने का अपना ही विशेष महत्व है। मान्यता के मुताबिक, शंख की ध्वनि भी भगवान गणेश को अति प्रिय है।