Double Murder in Gonda : रोजगार सेवक समेत चार और गिरफ्तार, पिस्टल भी बरामद
गोंडा में मजदूरों के खाते से पैसा निकालने को लेकर हुआ था डबल मर्डर चार लोग गिरफ्तार।
गोंडा, जेएनएन। उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के परास पट्टी मझवार में हुए दोहरे हत्याकांड में 4 अन्य आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनमें रोजगार सेवक महेश समेत तीन लोग और हैं। सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पहले छह आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं वहीं एक की तलाश अभी जारी है।
घटना गत शुक्रवार की है, जब डबल मर्डर से जिले में सनसनी फैल गई थी। मनरेगा मजदूरों के खाते से पैसा निकलवाने की शिकायत के बाद अधिकारी जांच करने के लिए संगम पुरवा विद्यालय पहुंचे थे। वहां विवाद के दौरान जिला पंचायत सदस्य व प्रधान पुत्र के साथ उसके समर्थकों ने गोलीबारी की। इस घटना में निजी कॉलेज के प्रबंधक व सपा से जुड़े देवेंद्र प्रताप सिंह लाठी व कन्हैया पाठक की गोली लगने से मौत हो गई थी। घटना में लाठी के भाई समेत 4 लोग घायल हो गए थे। मामले में पुलिस ने वारदात के 6 घंटे के अंदर ही जिला पंचायत सदस्य अतुल सिंह परास व उसके छह साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दो नामजद व तीन अज्ञात फरार चल रहे थे। इसमें रोजगार सेवक महेश कुमार के साथ विवेचना के दौरान प्रकाश में आए प्रमोद तिवारी, आदित्य सिंह वदीपक सिंह शामिल हैं। दीपक के पास से बिहार के मुंगेर निर्मित एक अवैध पिस्टल भी बरामद हुई है। एसओ अतुल कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। जबकि एक अन्य फरार आरोपी भारत भूषण की तलाश जारी है।