यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 03, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चार आइपीएस अफसरों के तबादले, हटाई गईं बलिया की एसपी
योगी आदित्यनाथ सरकार ने बलिया की एसपी सुजाता सिंह के हटा दिया । उनके स्थान पर अनिल कुमार अब बलिया ...और पढ़ें

लखनऊ (जेएनएन)। प्रदेश सरकार ने आज चार आइपीएस अफसरों का तबादला किया है। इनमें बलिया की एसपी को भी हटाया गया है। वहां एक छात्रा से दुष्कर्म तथा एक छात्रा की हत्या के बाद एसपी की काफी किरकिरी हुई थी।
योगी आदित्यनाथ सरकार ने बलिया की एसपी सुजाता सिंह के हटा दिया है। उनके स्थान पर अनिल कुमार अब बलिया के एसपी होंगे। सुजाता सिंह को 37वीं वाहिनी पीएसी कानपुर का सेनानायक बनाया गया है। अनिल कुमार एसपी ईओडब्ल्यू मेरठ में थे। विजय भूषण को डीआइजी आजमगढ़ रेंज तथा प्रेम प्रकाश को आइजी मीरजापुर रेंज के पद पर तैनात किया गया है। विजय भूषण डीआइजी सुरक्षा मुख्यालय लखनऊ तथा प्रेम प्रकाश आइजी पीटीसी उन्नाव में तैनात थे।
रागिनी दूबे हत्याकांड के बाद बलिया एसपी सुजाता सिंह विवादों में घिरी थीं। उन पर पीड़िता के परिवार ने मामले को दबाने और अलग रंग देने का आरोप भी लगाया था। इस दौरान एसपी सुजाता सिंह ने बलिया पुलिस की कार्रवाई को न्यायोचित बताया था। बांसडीह में हत्या और उसके बाद छात्रा रागिनी दूबे की हत्या के बाद सुजाता सिंह की काफी आलोचना हुई थी। सीएम योगी ने बलिया दौरे पर कानून-व्यवस्था में कोताही न बरतने की हिदायत भी दी थी। सीएम ने कहा था कि कानून-व्यवस्था हर हाल में दुरुस्त होनी चाहिए। बलिया में सुजाता सिंह की कार्यप्रणाली लगातार सवालों के घेरे में रही थी। कई गंभीर मामलों में लचर पुलिसिंग ने सुजाता सिंह को कठघरे में खड़ा किया था।
