UPSSSC के पूर्व अध्यक्ष के घर में डकैती: पुराने नौकर के कहने पर रखा था काम पर
इंदिरानगर में यूपीएसएसएससी के पूर्व अध्यक्ष के घर में डकैती का मामला। वारदात से दो दिन पहले बेटी का रिश्ता तय कर लौटे थे वापस।
लखनऊ, जेएनएन। इंदिरानगर में यूपीएसएसएससी के पूर्व अध्यक्ष व सेवानिवृत राज्य संपत्ति अधिकारी राजकिशोर यादव के घर में डकैती डालने वाले बदमाशों का पुलिस सुराग नहीं लगा सकी है। पड़ताल में सामने आया है कि राजकिशोर ने अपने वर्षों पुराने नौकर विजय के कहने पर संदिग्ध मुकेश को काम पर रखा था। पुलिस ने विजय से पूछताछ की है। हालांकि अभी तक पुलिस टीम को कोई सुराग नहीं मिले हैं।
पूछताछ में सामने आया है कि विजय को उसके किसी परिचित ने मुकेश को काम दिलवाने के लिए कहा था। विजय ने इस पर राजकिशोर से बात की थी, जिसके बाद उसे नौकरी पर रखा गया था। विजय से मुकेश ने खुद को गोंडा का निवासी बताया था। पुलिस की एक टीम गोंडा व आसपास के जिलों में छानबीन कर रही है। सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में विजय भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका है। विजय ने जो नाम पुलिस को बताए हैं, उनके आधार पर पुलिस पड़ताल कर रही है।
बताया गया कि वारदात के दो दिन पहले ही राजकिशोर बरेली से बेटी का रिश्ता तय कर राजधानी वापस लौटे थे। आंशका जताई जा रही है कि मुकेश को इस बात की जानकारी हो गई थी और उसने साजिश के तहत सोमवार को अपने साथियों को लूटपाट के लिए बुला लिया था। पुलिस की एक टीम ने जेल में बंद कुछ पुराने बदमाशों को सीसी फुटेज दिखाया है। इसके आधार पर संदिग्ध नौकर की तलाश की जा रही है। सर्विलांस के जरिए भी बदमाशों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
यह था मामला
राजकिशोर यादव व उनकी बेटी सोमवार सुबह घर पर मौजूद थे। इसी बीच असलहा धारी बदमाश पिता और पुत्री को बंधक बनाकर लाखों के जेवरात, लाइसेंसी रिवाल्वर और नगदी समेत अन्य कीमती सामान लूट ले गए थे। करीब एक माह पहले काम पर रखे गए मुकेश नाम के नौकर की संलिप्तता सामने आई थी, जो वारदात के बाद से फरार है।