सुलतानपुर में जबरन दीवार गिराने के मामले में पूर्व विधायक का गुर्गा गिरफ्तार
सुलतानपुर के धनपतगंज थानाक्षेत्र के मायंग गांव का मामला। पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू का खास गुर्गा गिरफ्तार। पीड़ित बनारसी लाल कसौंधन ने जबरन दीवार गिराने की दी थी थाने में तहरीर। जेसीबी भी जब्त पुलिस मामले की जांच में लगी।
सुलतानपुर, जेएनएन। यूपी के सुलतानपुर के बनारसी लाल कसौंधन की दीवार गिराए जाने के मामले में पूर्व विधायक का गुर्गा गिरफ्तार किया गया है। दीवार ढहाने में प्रयोग में लाई गई जेसीबी भी जब्त कर ली गई है। पुलिस मामले की छानबीन में लगी है।
गुर्गों के साथ मिलकर जबरन ढहाई थी दीवार: मामला धनपतगंज थानाक्षेत्र के मायंग गांव का है। यहां के निवासी बनारसी लाल कसौंधन के घर की दीवार बीती 25 फरवरी को जेसीबी से गिराया गया था। पीड़ित बनारसी कसौंधन ने पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू और यशभद्र सिंह मोनू ने गुर्गों के साथ मिलकर जबरन दीवार गिराने की तहरीर दी थी। जिस पर थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। अगले दिन बनारसी लाल रहस्यमय परिस्थिति में लापता हो गए। पूर्व विधायक के गुर्गों द्वारा बनारसी लाल के अपहरण की खबर चर्चा सामने आई। देर शाम तक रहस्यमय परिस्थिति में बनारसी लाल वापस लौटे तो पुलिस ने राहत की सांस ली थी।
बयान बदलने के लिए बनाया गया दबाव: आरोप है कि अगले दिन दबाव बनाने के इरादे से दीपक, सूर्य प्रकाश व विजय यादव ने वादी को जबरन गाड़ी में बैठा लिया गया और बयान बदलने के लिए उस पर दबाव बनाया गया। इस मामले में भी मुकदमा पंजीकृत किया गया। फरार चल रहे इन आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तरफ से दस-दस हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया जा चुका है। एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।