पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की दरियादिली, घायल सेना के जवान को पहुंचवाया अस्पताल
घर से पार्टी कार्यालय आते समय पूर्व मुख्यमंत्री ने घायल को अपनी एस्कॉर्ट की गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल।
लखनऊ, जेएनएन। कैंट थाना क्षेत्र की रजमन पुलिस चौकी के पास स्कूटी सवार सेना में तैनात एक जवान की साइकिल सवार से भिड़ंत हो गई। स्कूटी से गिरकर जवान घायल हो गया। उसकी नाक और हाथ में चोटें आईं। इस बीच सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपने पार्टी कार्यालय जा रहे थे। उन्होंने फ्लीट को रोका और घायल जवान को साथ चल रही गाड़ी से सिविल अस्पताल भिजवाया।
गोसाईंगंज निवासी धर्मेंद्र प्रताप सिंह (40) सेना में तैनात हैं। वह अवकाश पर अपने घर आए हुए हैं। गुरुवार सुबह 10:30 बजे धर्मेंद्र प्रताप सिंह स्कूटी से छावनी आ रहे थे। रजमन चौकी के सामने पहुंचते ही साइकिल सवार गोसाईंगंज के माइजी पुरवा निवासी दूध व्यवसायी अमर सिंह (55) की टक्कर हो गई। धर्मेंद्र प्रताप सिंह की स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। उनकी नाक से खून निकलने लगा। सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष दुबे ने बताया कि घायल को नाक और हाथ में चोटें आयी थी। पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी उनको अस्पताल लाए थे। जहां उपचार और जांच के बाद उनकी छुट्टी कर दी गई थी।