गोंडा: भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष पर हुआ देसी बम से हमला, बाल-बाल बचे Gonda News
गोंडा में भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष हरि गोपाल रस्तोगी पर बुधवार देर रात बदमाशों ने देसी बम से हमला किया। हमले में वे मामूली रूप से घायल हुए।
गोंडा, जेएनएन। जिले में बुधवार की देर रात भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष पर अज्ञात हमलावर ने देसी बम फेंककर जानलेवा हमला किया। बम के फटने से उसके छर्रे भाजपा नेता के गले मे जा घुसे और वह घायल हो गए। वहीं घटना को अंजाम देकर हमलावर युवक मौके से भाग निकला। गनीमत रही कि हमलावर का निशाना चूक गया जिससे बम नगर अध्यक्ष के पास गिरा जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस भाजपा नेता को लेकर अस्पताल पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हे छुट्टी दे दी गई।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के पड़ाव मोहल्ले के रहने वाले इंजीनियर हरि गोपाल रस्तोगी भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। हरि गोपाल रस्तोगी नवाबगंज कस्बे के पूर्व नगर अध्यक्ष रह चुके हैं। हरि गोपाल के मुताबिक बुधवार की रात करीब 10 बजे वह कस्बे के ही एक क्लीनिक पर दवा लेने के लिए गए थे। वह वापस लौटकर घर पहुंचे ही थे कि गेट के बाहर ही पीछे से पहुंचे एक अज्ञात हमलावर युवक ने उनपर देसी बम से हमला कर दिया। बम फटने से उसके छर्रे शरीर मे जा धंसे और वह घायल हो गए। इस मामले मे पुलिस ने पूर्व नगर अध्यक्ष का तहरीर पर एक अज्ञात हमलावर के खिलाफ केस दर्ज किया है। निरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर हमलावर का सुराग लगाया जा रहा है।